विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत विकसित भारत संकल्प सभा व सेवा ज्योति यात्रा का पीटीसी ग्राउंड में हुआ आयोजन
शासन के विभिन्न 17 विभागों ने लगाए स्टॉल, नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया गया
केबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने जनप्रतिनिधियों के साथ मसाल ज्योति प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा के कलशों को भी प्रज्ज्वलित कराया एवं रवाना किया
सागर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन पीटीसी ग्राउंड सागर में किया गया। कार्यक्रम में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने एवं लाभान्वित करने की कार्रवाई भी की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने जनप्रतिनिधियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक श्री गोपाल भार्गव, विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन, श्री प्रदीप लारिया, श्री वीरेन्द्र लंबरदार, श्री बृजबिहारी पटैरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, श्री श्याम तिवारी, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष सुश्री रानी कुशवाहा, निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, पूर्व विधायक श्रीमती सुधा जैन, श्री नारायण कबीर पंथी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं जिलेभर से आये नागरिक रहवासी उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने आयोजन में उपस्थित नागरिकों का स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मोत्सव एवं 25 वर्ष की लगातार सेवा के संकल्प को शहर और गांव के लोगों ने जिस उत्साह के साथ मनाया है, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश की सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री का पदभार संभालने के बाद देश में विकास की नई दिशा तय हुई है। उन्होंने कहा कि आज देश में सड़क, बिजली, पानी सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। मध्यप्रदेश आज अन्य प्रदेशों को बिजली उपलब्ध कराने की स्थिति में है। यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का परिणाम है।
श्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व पटल पर भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। आज भारत विश्व की प्रमुख शक्तियों के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि विकास का कोई भी क्षेत्र हो, केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें युवाओं की सहभागिता और उनके विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
17 विभागों द्वारा लगाये गए स्टॉल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई-कार्यक्रम स्थल पर राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, मत्स्य पालन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, वित्त विभाग, श्रम विभाग, कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग तथा पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए।
इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नागरिकों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें शासन की योजनाओं से अधिक से अधिक जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया तथा शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
सेवा ज्योति यात्रा को किया रवाना
कार्यक्रम के अंत में विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने विकसित भारत के संकल्प की शपथ दिलाई। केबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने जनप्रतिनिधियों के साथ मसाल प्रज्ज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा के कलशों को भी प्रज्ज्वलित कराया एवं रवाना किया। सागर नगर की सेवा ज्योति यात्रा पीटीसी ग्राउंड से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होते हुए तीनबत्ती पर पहुंची ।
#jansamparkMP #sagar #SevaSankalp2026
Sagar, Madhya Pradesh | Oct 7, 2026