जूट-मखाना किसानों को मिलेगी आधुनिक तकनीक की ताकत, डीएम ने मशीनों के प्रदर्शन का लिया जायजा
कटिहार के डंडखोरा प्रखंड स्थित सोंती गांव में बुधवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जूट डेकोर्टिकेटर मशीन, समेकित कृषि प्रणाली और मखाना पॉपिंग मशीन के प्रदर्शन का जायजा लिया। एनआईएनएफईटी कोलकाता के वैज्ञानिकों ने किसानों के बीच आधुनिक मशीन से जूट के तने से रेशा निकालने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। डीएम ने किसानों से संवाद कर तकनीक की उपयोगिता और संभावित लाभों की जानकारी ली। उन्होंने जूट और मखाना के उत्पादन के साथ प्रसंस्करण व मूल्य संवर्धन पर जोर दिया। डीएम ने किसान समूहों और एफपीओ के माध्यम से आधुनिक तकनीक को अधिक किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।