कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ई-लॉटरी से किसानों का चयन, 30 लाख के कस्टम हायरिंग सेंटर समेत कई योजनाओं में लाभार्थी चुने गए
हरदोई। कृषि विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित कृषि यंत्रीकरण योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति ने गुरुवार को विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में ई-लॉटरी प्रक्रिया संपन्न कराई।
ई-लॉटरी में विकासखंड हरियांवा में 30 लाख रुपये परियोजना लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए उदयराज सिंह पुत्र राजेन्द्र तथा विकासखंड माधौगंज में सुरेश कुमार पुत्र रामसेवक का चयन किया गया। वहीं कम्बाइन हार्वेस्टर के लिए माधौगंज के विशनूनरायन पुत्र झाउलाल और हरपालपुर के शिवओम पुत्र सुखदेव प्रसाद चयनित हुए।
10 लाख रुपये परियोजना लागत वाले कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए बेंहदर के सुन्दरलाल पुत्र शंकर, भरावन के सिराज पुत्र बहाजुद्दीन, भरखनी के गुरूसरन पुत्र मंहगे तथा बिलग्राम के राकेश कुमार पुत्र बनवारी का चयन हुआ।
सुपर सीडर कृषि यंत्र, जिस पर 1.20 लाख रुपये तक का अनुदान अनुमन्य है, के लिए अहिरोरी के ज्ञान सिंह पुत्र सिद्दा सिंह, बावन के विवेक कुमार सिंह पुत्र धीरेन्द्र कुमार, बेंहदर की अमरजीत कौर पत्नी दविन्दर सिंह, भरावन के रामाधीन पुत्र रामसंकर, भरखनी की मैकिन पत्नी बैजनाथ तथा जसवन्त सिंह पुत्र बलदेव सिंह का चयन किया गया।
इसके अलावा जनपद के सभी विकासखंडों में रोटावेटर, हैरो, कल्टीवेटर, लेजर लैंड लेवलर, मल्टीक्रॉप थ्रेसर, किसान ड्रोन, पावर टिलर, पावर वीडर और मिनी राइस मिल समेत विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए भी किसानों का चयन ई-लॉटरी से किया गया।
चयनित किसानों के मोबाइल नंबर पर ई-लॉटरी के परिणाम का संदेश स्वतः भेजा गया। चयन की सूचना मोबाइल पर मिलते ही किसानों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि ई-लॉटरी में चयनित किसानों को निर्धारित एक माह के भीतर कृषि यंत्र खरीदकर उसका बिल और फोटोग्राफ पोर्टल पर अपलोड करना होगा। निर्धारित समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर उनका चयन स्वतः निरस्त हो जाएगा।
इस दौरान जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चन्द्र पाठक, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चन्द्र, जिला गन्ना अधिकारी निधि गुप्ता, अग्रणी जिला प्रबंधक अरविन्द रंजन, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी हरदेव सहित प्रगतिशील किसान और बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Aug 20, 2026