*पर्रायच में 6 महीने से हवा में झूल रहा ट्रांसफार्मर, प्राथमिक विद्यालय के पास बड़े हादसे का खतरा*
लहार..बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते शासकीय प्राथमिक विद्यालय पर्रायच के समीप आबादी क्षेत्र का बिजली का ट्रांसफार्मर पिछले छह महीने से टूटे खंभों के सहारे हवा में झूल रहा है। यह भारी-भरकम ट्रांसफार्मर कभी भी गिरकर जमींदोज हो सकता है, जिससे किसी बड़े जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है,4 अप्रैल 2026 को आई तेज आंधी और बारिश के दौरान ट्रांसफार्मर लगे बिजली के खंभे बुरी तरह टूट गए थे। तब से अब तक यह ढांचा खतरनाक स्थिति में लटका हुआ है,यह ट्रांसफार्मर शासकीय प्राथमिक विद्यालय व आंगनबाड़ी के ठीक पास स्थित है। यहां रोजाना दर्जनों स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की आवाजाही रहती है, जिससे हर समय हादसे का डर बना रहता है, इसी ट्रांसफार्मर से गांव के लगभग 70 से 75 घरों में बिजली की आपूर्ति की जाती है। यदि यह गिरता है, तो बड़ा हादसा होने के साथ-साथ पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो जाएगी,ग्रामीणों का कहना है कि वे इस समस्या को लेकर विभाग के चक्कर काट चुके हैं और कई बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं। इसके बावजूद आज 3 अक्टूबर तक छह महीने बीत जाने पर भी बिजली विभाग के किसी जिम्मेदार अधिकारी ने सुध नहीं ली है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना तत्काल नए खंभे लगाकर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित कराया जाए।