*एम.बी. अस्पताल परिसर में पान, गुटखा, तंबाकू थूकने पर अब सख्त पाबंदी - 15 दिन काउंसलिंग, फिर 100 रुपये जुर्माना*। अगले स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत
एम.बी. अस्पताल कैम्पस उदयपुर प्रशासन ने अस्पताल परिसर को स्वच्छ, संक्रमण-मुक्त और तंबाकू-मुक्त बनाने के लिए *सख्त एंटी-स्पिटिंग एवं तंबाकू निषेध नीति* लागू करने का निर्णय लिया है। साथ ही अगले पंद्रह दिन स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा एवं अस्पताल परिसर व कार्यालय में सफाई अभियान किया जाएगा।पहले दिन कार्मिकों एवं अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी।
हालांकि अस्पताल में पहले से ही गेट पर तंबाकू उत्पाद अंदर ले जाने पर रोक, तंबाकू बिक्री पर प्रतिबंध जैसे नियम लागू हैं, अब इसे और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।
अधीक्षक डॉ आर एल सुमन द्वारा जारी नई नीति के मुख्य बिंदु निम्न प्रकार हैं:
*1. दो चरणों में लागू होगी नीति:*
- *पहले 15 दिन ( 1 से 15 अक्टूबर 2026 तक) - केवल काउंसलिंग फेज:* इस अवधि में किसी पर जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। नर्सिंग अधीक्षक, सुपरवाइजर, सुरक्षा गार्ड एवं काउंसलर द्वारा मरीजों, परिजनों को पान-गुटखा-तंबाकू से होने वाले कैंसर, टी.बी., संक्रमण के खतरे एवं अस्पताल को गंदा करने के बारे में समझाया जाएगा।
- *15 दिन के बाद - सख्त चालान:* 16 अक्टूबर 2026 से नियम तोड़ने पर *मरीज एवं परिजनों पर प्रति उल्लंघन 100 रुपये जुर्माना* वसूला जाएगा।
*2. स्टाफ के लिए जीरो टॉलरेंस:*
अस्पताल के किसी भी डॉक्टर, नर्सिंग अधिकारी, कर्मचारी, इंटर्न, सफाई कर्मी द्वारा परिसर में पान-गुटखा-तंबाकू खाते या थूकते पकड़े जाने पर *सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई* की जाएगी एवं विभागीय नियमानुसार नोटिस जारी होगा। साथ ही उन्हें अनिवार्य रूप से *तंबाकू नशा मुक्ति केन्द्र (Tobacco Cessation Centre)* में भेजा जाएगा जहाँ काउंसलिंग एवं उपचार दिया जाएगा।
*3. निगरानी व्यवस्था:*
- नर्सिंग अधीक्षक (NS), वार्ड सुपरवाइजर, सुरक्षा गार्ड एवं स्वच्छता इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम पूरे परिसर में राउंड करेगी।
- थूकने के संवेदनशील स्थान - सीढ़ियाँ, शौचालय, वार्ड के कोने, कैंटीन के पास, ओपीडी बरामदा, लिफ्ट - को *सीसीटीवी निगरानी* में रखा गया है।
- अस्पताल परिसर के अंदर किसी भी दुकान, कैंटीन, खोखे पर बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, पान-मसाला की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
*4. जागरूकता (IEC) बढ़ाई गई:*
पूरे अस्पताल में जगह-जगह नए पोस्टर, बैनर, वॉल पेंटिंग लगाई गई हैं - "यहाँ थूकना अपराध है - 100 रु जुर्माना", "तंबाकू से कैंसर होता है - अस्पताल को मंदिर जैसा साफ रखें", "थूकने से टी.बी. और कोरोना फैलता है"।
*अपील:*
अधीक्षक डॉ सुमन ने सभी मरीजों, परिजनों, स्टाफ एवं आगंतुकों से अपील की है कि एम.बी. अस्पताल आपका अपना अस्पताल है। इसे स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। थूकने से न केवल गंदगी फैलती है बल्कि क्षय रोग, कोविड, स्वाइन फ्लू जैसे संक्रामक रोग भी फैलते हैं। सहयोग करें।