🔴 पटाखे की चिंगारी से सिंहेश्वर मंदिर के पंडाल में लगी आग, बड़ा हादसा टला
सिंहेश्वर, मधेपुरा। सिंहेश्वर मंदिर परिसर में बुधवार की रात शादी समारोह के दौरान पटाखे की चिंगारी से मंदिर परिसर में लगे पंडाल में आग लग गई। देखते ही देखते पंडाल का करीब 30 से 40 प्रतिशत हिस्सा जलकर राख हो गया। आग लगते ही मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सिंहेश्वर मंदिर में शादी समारोह के लिए आए वर-वधू के दोस्तों और रिश्तेदारों द्वारा मंदिर परिसर में 60 शॉट वाला स्काई पटाखा छोड़ा गया। पटाखा आसमान में जाकर रंग-बिरंगी चिंगारियां बिखेरता है। इसी दौरान चिंगारी मंदिर परिसर में लगे पंडाल पर जा गिरी, जिससे पंडाल में आग लग गई।
आग लगते ही उत्तम टेंट हाउस के सजग कर्मियों श्रवण कुमार, राहुल यादव, किश्टो सिंह, अनिल डाक्टर, छोटू कुमार और नितिश कुमार के साथ मंदिर के गार्ड दिलीप कुमार एवं आदर्श कुमार ने तत्काल मोर्चा संभाला। कर्मियों ने सीओटू अग्निशामक के आठ गैस सिलेंडरों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। उनकी तत्परता से आग को तेजी से फैलने से रोक लिया गया और बड़ी घटना टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन पंडाल की ऊंचाई तक पानी पहुंचाने में परेशानी हुई। अग्निशमन कर्मी पाइप लेकर बांस के सहारे ऊपर नहीं चढ़ पा रहे थे। इसके बाद टेंट हाउस के कर्मी खुद बांस पर चढ़े और पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझाया, ताकि पंडाल में आग की कोई चिंगारी शेष न रह जाए।
गौरतलब है कि सावन-भादो के दौरान मंदिर परिसर में अग्निशमन की गाड़ियां तैनात रहती हैं, लेकिन घटना के समय अग्निशमन वाहन मंदिर परिसर में उपलब्ध नहीं था। समय रहते टेंट हाउस कर्मियों और मंदिर के गार्डों की तत्परता से आग को पंडाल के दूसरे हिस्सों और आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सिंहेश्वर थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंच कर पतरघट वार्ड नंबर 16 निवासी वर प्रवीण कुमार के साथ 3 लोगों को पुछताछ के लिए थाना ले गई। वर प्रवीण कुमार ने बताया कि वह 5-6 लोगो के साथ मंदिर में शादी की विधि पूर्ण कर रहा था। पटाखा कौन छोड़ रहा था हमको पता नहीं।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times