औरंगाबाद में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, दो दिन तक बंधक बनाने का दावा
औरंगाबाद के देव प्रखंड के ढिबरा थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि जलावन लेकर लौट रही किशोरी को गांव के दो युवकों ने जबरन अपने साथ ले जाकर दो दिन तक बंधक बनाए रखा और उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों के मुताबिक, घर लौटने के बाद किशोरी ने पूरी घटना की जानकारी दी। मामले में दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपी पक्ष के लोग घर पहुंचकर केस उठाने का दबाव और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। वहीं, पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजने और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम भेजे जाने की बात भी कही गई है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है।
Deo, Aurangabad | Sep 25, 2026