Public App Logo
Jansamasya
News
पुलिस
Bjp
National
Police
Bihar
India
कांग्रेस
बीजेपी
Gujarat
Congress
Modi
Delhi
Viral
मारपीट
Crime
Jharkhand
Dm
Up
Bollywood
Breakingnews
Narendramodi
Madhya_pradesh
उत्तरप्रदेश
Pmmodi
Rahulgandhi
यूपी
कानपुर
Uttarpradesh
image
image
image
image
image
image

• देशभक्ति के रंग में रंगा हनुमानगढ़, 'सरफ़रोशी की तमन्ना' की गूंज के बीच शान से लहराया तिरंगा" • 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य जिला स्तरीय समारोह एनएमपीजी महाविद्यालय में • हनुमानगढ़ सबसे तेज गति से विकास की राह पर, विकसित भारत के निर्माण में निभा रहा अग्रणी भूमिका : श्री सुमित गोदारा • उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले 60 खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यक्तियों का सम्मान #Hanumangarh हनुमानगढ़, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन हनुमानगढ़ टाऊन स्थित राजकीय एनएमपीजी महाविद्यालय खेल प्रांगण में हुआ। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित मुख्य समारोह की शुरुआत प्रातः 9 बजे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मामले मंत्री श्री सुमित गोदारा द्वारा ध्वजारोहण करने से हुई। इसके साथ ही राष्ट्रगान का आयोजन हुआ। जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने मुख्य समारोह से पूर्व प्रात 8:00 बजे कलेक्टर निवास, जिला परिषद एवं कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया। मुख्य समारोह में मंत्री द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा आरएसी, जिला पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एसपीसी एवं स्काउट-गाइड द्वारा मार्च पास्ट एवं बैंड का आकर्षक प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए तथा अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री उम्मेदी लाल मीणा द्वारा महामहिम राज्यपाल के संदेश का वाचन किया गया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। *स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह में देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की छटा* समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में सेठ राधाकृष्ण बिहाणी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वारा "कण-कण में गूंजे जै-जै राजस्थान", नेशनल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा "वंदे मातरम्" नृत्य तथा नवज्योति मूक-बधिर एवं अंध विद्यालय द्वारा "सरफरोशी की तमन्ना" की प्रस्तुति दी गई। इसके अलावा वी.एम. पब्लिक स्कूल एवं वी.एम. गर्ल्स स्कूल, सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, डी.ए.वी. सेंटेनरी स्कूल, संस्कार इंटरनेशनल स्कूल, पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फोर्ट के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति, योगासन, नशा मुक्ति संदेश, पंजाबी लोकनृत्य एवं "रंग दे बसंती" जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस मौके पर नगर परिषद, जिला परिषद, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, वन विभाग, सरस डेयरी द्वारा आकर्षक विकास झांकियों का प्रदर्शन किया गया। *हनुमानगढ़ सबसे तेज गति से विकास की राह पर, विकसित भारत के निर्माण में निभा रहा अग्रणी भूमिका : श्री सुमित गोदारा* खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा ने स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 1947 में आजादी के समय दुनिया के अनेक देशों को भारत के लोकतंत्र की सफलता पर संदेह था, लेकिन आज भारत न केवल विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनकर उभरा है, बल्कि पिछले 80 वर्षों में लोकतांत्रिक मूल्यों को लगातार मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देशों में तख्तापलट और तानाशाही देखने को मिली, जबकि भारत में लोकतंत्र निरंतर सशक्त हुआ और तिरंगा विश्वभर में सम्मान के साथ लहराया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के वन नेशन-वन इलेक्शन के विजन को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने राजस्थान में वन स्टेट-वन इलेक्शन की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनाव एक साथ कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने वाला क्रांतिकारी कदम बताया। *भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, जल्द बनेगा दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति* श्री गोदारा ने कहा कि आजादी के समय भारत एक गरीब और पिछड़ा देश था, लेकिन सरकारों के प्रयासों तथा विशेष रूप से पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और जिस गति से देश आगे बढ़ रहा है, वह दिन दूर नहीं जब भारत 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के साथ दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनेगा। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ भी विकास की नई इबारत लिख रहा है। अमृतसर-जामनगर ग्रीन एक्सप्रेस-वे जैसे बड़े राष्ट्रीय प्रोजेक्ट जिले से गुजर रहे हैं, नहरों का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है और भविष्य में आर्थिक प्रगति के साथ जिले में हवाई अड्डे जैसी सुविधाएं भी विकसित होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य में सबसे तेज गति से विकास करने वाले जिलों में हनुमानगढ़ अग्रणी है। *युवाओं के सपनों के प्रति सरकार प्रतिबद्ध, रिकॉर्ड गेहूं खरीद से किसानों को लाभ* खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पेपर लीक पर प्रभावी अंकुश लगाया है और उठाए गए ठोस कदमों से राज्य में पिछले ढाई वर्षों में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा विकसित भारत में युवाओं के लिए असीम संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि अन्न के कटोरे हनुमानगढ़ ने कृषि क्षेत्र में भी नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रबी विपणन सीजन में राज्य सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य के साथ अतिरिक्त बोनस देकर पूरे प्रदेश में सर्वाधिक 8.77 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हनुमानगढ़ जिले से की। उन्होंने कहा कि कृषि के साथ-साथ उद्योग, आधारभूत संरचना और अन्य क्षेत्रों में भी जिला तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। *—मुख्य समारोह में यह रहें मौजूद* इस मौके पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मामले मंत्री श्री सुमित गोदारा सहित जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी आदित्य, विधायक श्री गणेश राज बंसल, जनप्रतिनिधि श्री अमित चौधरी, श्री प्रमोद डेलू, पूर्व नगरपरिषद सभापति श्री सुमित रणवां, एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीणा, एडिशनल एसपी श्रीमती राजकंवर सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम जन मौजूद रहे। *— उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले 60 खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यक्तियों का सम्मान* समारोह के दौरान वीरांगनाओं, लोकतंत्र सेनानियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले 60 खिलाड़ियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, चिकित्सकों, समाजसेवियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में हैंडबॉल खिलाड़ी निशा, बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अल्पना, सपना, निकिता चौधरी, मनस्वी, रूपाली जांगिड़, पल्लवी, दिव्या ज्योति एवं नीतू, इसरो के युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम के लिए चयनित हर्षिका बंसल, राष्ट्रपति अवॉर्ड से सम्मानित हिमांगी शेखावत, प्रिया सोनी, लक्ष्य अरोड़ा एवं सलोनी, एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) रावतसर के संचालक भजन लाल, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत राहुल, चित्रकार गणेश सोलंकी, समाजसेवी प्रिया शर्मा एवं नरेश कुमार, योग शिक्षक कुलदीप खिलेरी, ईमानदारी का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले गुरमीत सिंह, समाजसेवी दीपक जुलाहा, अध्यापिका सफिया प्रवीण, चिकित्सक डॉ. विकास पारीक, सेवानिवृत्त सैनिक प्रतिनिधि नायक चंद्रपाल भोभिया, सूचना सहायक भोजराज यादव एवं प्रवेंद्र सिंह, वरिष्ठ कंपाउंडर बलवीर सिंह खालिया, छात्रावास अधीक्षक प्रेम कुमार, सहायक कर्मचारी सरोज कंवर, सहायक रजिस्ट्रार इन्द्रजीत बिश्नोई, प्रवर्तन निरीक्षक मनीष सिंगला, अध्यापक खुशदीप सिंह, मनमोहन शर्मा, मुराद खान एवं अजय कुमार, सहायक प्रशासनिक अधिकारी इकबाल सिंह, प्रलेश यादव एवं बलवीर सिंह, वरिष्ठ फीटर दुलीचंद, सफाई कर्मचारी मुकेश कुमार, महिला पर्यवेक्षक रजनी, परिवहन निरीक्षक पवन कुमार चुघ, वरिष्ठ सहायक राजेश कुमार एवं विवेक शर्मा, डाटा एंट्री ऑपरेटर धर्मवीर बैरवा, आशा सहयोगिनी नाककोरी एवं उर्मिला शर्मा, लैब टेक्नीशियन कमल गोस्वामी, कनिष्ठ सहायक प्रेम कुमार एवं संतोष सिंह, ग्राम विकास अधिकारी प्रिया भाम्भू, सूचना सहायक विकास शर्मा, अस्पताल प्रशासक सुनील कुमार शर्मा, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. जगदीश चंद्र, ऑफिस कानूनगो विरेंद्र पारीक, पशुधन निरीक्षक रमेश कुमार एवं अजनिता, नायब तहसीलदार हरीश नैन तथा ब्लॉक साक्षरता कॉर्डिनेटर नरेन्द्र कस्वां शामिल हैं। कार्यक्रम का समापन नेशनल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान की प्रस्तुति के साथ हुआ। ____

MORE NEWS