🚨 मोहनिया में NH-19 बना कूड़ा डंपिंग जोन, दुर्गंध से राहगीर परेशान
मोहनिया के महाराणा प्रताप कॉलेज से करीब 100 मीटर पश्चिम दिल्ली-कोलकाता NH-19 के किनारे नगर पंचायत का कूड़ा डंप किया जा रहा है। हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों को हर दिन कूड़े और उससे उठने वाली दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।
सवाल यह है कि जिस सड़क से अधिकारी, जनप्रतिनिधि और मंत्री रोजाना गुजरते हैं, वहां लंबे समय से जमा कूड़े की समस्या पर आखिर ध्यान क्यों नहीं दिया गया?
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत विशेष बाइक रैली के मोहनिया पहुंचने से पहले कूड़े वाले स्थान को टेंट लगाकर ढक दिया गया। ऐसे में लोगों के बीच यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या कूड़ा हटाने के बजाय सिर्फ उसे ढक देना ही समाधान है?
अगर यह जगह राहगीरों और आसपास के लोगों के लिए परेशानी और दुर्गंध का कारण बन रही है, तो इसे स्थायी रूप से साफ कराने और कूड़ा डंप करने की उचित व्यवस्था करने की जरूरत है।
क्या व्यवस्था सिर्फ किसी खास आयोजन या वीआईपी मूवमेंट के समय ही सुधरेगी, या आम लोगों की परेशानी को भी प्राथमिकता मिलेगी?
Mohania, Kaimur | Oct 6, 2026