आसफवाला के शहीदों का इतिहास स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल हो : राष्ट्रपति मुर्मू
राज्यपाल कटारिया की अगुवाई में करण गिल्होत्रा की सरपरस्ती में प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से की मुलाकात, दिसंबर में होने वाले शहीदी दिवस समारोह का दिया निमंत्रण
फाजिल्का समाचार/सोनू वर्मा,29 सितंबर(फाजिल्का): पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की अध्यक्षता में , समाजसेवी करण गिल्होत्रा की सरपरस्ती में शहीदों की समाधि आसफवाला का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को दिसंबर में फाजिल्का के आसफवाला में होने वाले वार्षिक शहीदी दिवस समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल में समाजसेवी व शहीदों की समाधि समिति के प्रधान करण गिलहोत्रा और महासचिव प्रफुल्ल नागपाल शामिल रहे। उन्होंने राष्ट्रपति को आसफवाला युद्ध स्मारक के गौरवशाली इतिहास और शहीद जवानों के बलिदान से अवगत कराया। इस अवसर पर राष्ट्रपति को कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र सौंपने के साथ आसफवाला समाधि की हस्तनिर्मित पेंटिंग और शहीदों की गाथा पर आधारित कॉफी टेबल बुक भी भेंट की गई।
मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुझाव दिया कि आसफवाला के शहीदों का इतिहास स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि देश की युवा पीढ़ी वीर जवानों के बलिदान और देशभक्ति की भावना से परिचित हो सके तथा उनसे प्रेरणा ले सके।
करण गिलहोत्रा ने बताया कि राष्ट्रपति के सुझाव पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आश्वासन दिया कि आसफवाला के इतिहास को शैक्षिक पाठ्यक्रम में शामिल करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।