औरंगाबाद डीएम की अध्यक्षता में केंद्रीय सहकारी बैंक की वार्षिक आम सभा आयोजित, किसानों के हित में कार्य करने पर जोर।
औरंगाबाद, 29 सितंबर 2026।
24 NewsLive
औरंगाबाद - जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में आज सम्राट अशोक कन्वेंशन हॉल में जिला केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड, औरंगाबाद की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई।
सभा में बैंक के वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों, सहकारी समितियों की भूमिका तथा किसानों और अंशधारकों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। गत आम सभा की कार्यवाही, निदेशक मंडल के प्रस्तावों की संपुष्टि, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लाभ-हानि प्रतिवेदन और 2026-27 के बजट पर मंथन हुआ।
*डीएम ने कहा - सहकार से समृद्धि*
अपने संबोधन में डीएम अभिलाषा शर्मा ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला है। औरंगाबाद सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक जिले की सहकारी व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग है।
उन्होंने कहा -
"बैंक की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ रखना, ऋण वसूली में सुधार, NPA को नियंत्रित करना और बैंकिंग सेवाओं को पारदर्शी व आधुनिक बनाना जरूरी है। सहकारी संस्थाओं का कंप्यूटरीकरण और डिजिटलीकरण समय की मांग है।"
धान अधिप्राप्ति को सुचारु और पारदर्शी बनाने, किसानों को समय पर ऋण और भुगतान देने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
*ये रहे मौजूद*
इस अवसर पर बैंक के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, उपाध्यक्ष राम शर्मा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल, जिला सहकारिता पदाधिकारी राजीव कुमार यादव, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम, प्रबंध निदेशक, निदेशक मंडल के सदस्य, पैक्स अध्यक्ष और उनके प्रतिनिधि, सभी शाखा प्रबंधक और नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।