जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में आहूत की गई*
*जन शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए जिले में आयोजित किये जा रहे ‘सहयोग शिविर’*
*सभी अंचलाधिकारी गण को बाढ़ से निपटने हेतु सभी तैयारियां को पूर्ण करने का सख्त निर्देश। प्रशासन अलर्ट मोड में।*
कटिहार, 31 अगस्त 2026, सोमवार।
आज दिनांक 31 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी कटिहार आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समन्वय समिति की बैठक एन आई सी सभागार में आहूत की गई।
सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारीगण एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी प्रखंडों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी गण उपस्थित रहें।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने बताया कि "सबका सम्मान जीवन आसान"के तहत जन शिकायतों के प्रभावी एवं त्वरित समाधान तथा आमजन को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कटिहार जिले में ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
कटिहार जिले के अंतर्गत सभी प्रखंडों के ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों के वार्डों में प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यदि निर्धारित प्रथम अथवा तृतीय मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश रहता है, तो सहयोग शिविर का आयोजन अगले कार्य दिवस को निर्धारित स्थल पर किया जा रहा है।
*ग्राम पंचायत स्तर पर होगा सहयोग शिविर का आयोजन*
कटिहार जिले के सभी ग्राम पंचायतों में सहयोग शिविर के आयोजन के लिए संबंधित पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति एवं कार्यक्रम का विस्तृत रोस्टर तैयार किया गया है। निर्धारित रोस्टर के अनुसार संबंधित पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित ग्राम पंचायत/स्थल पर उपस्थित होकर आमजन से प्राप्त शिकायतों, आवेदन-पत्रों एवं परिवाद-पत्रों को सुनेंगे तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए जिला मुख्यालय अथवा अन्य कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी। स्थानीय स्तर पर संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति में शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
सहयोग शिविर के लिए विभिन्न तिथियों पालीवार पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सहयोग शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदन-पत्र एवं परिवाद-पत्रों को संबंधित पोर्टल पर Digitize करते हुए समयबद्ध रूप से निष्पादित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
इस व्यवस्था से प्राप्त शिकायतों की ऑनलाइन प्रविष्टि, उनके निष्पादन की निगरानी तथा लंबित मामलों की समीक्षा को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि—
निर्धारित तिथि एवं पाली के अनुसार
अपने-अपने निर्धारित स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
शिविर में प्राप्त सभी आवेदन एवं परिवाद-पत्रों को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें।
शिकायतों एवं आवेदनों को संबंधित पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से Digitize करें।
जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव हो, उनका मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए निष्पादन सुनिश्चित करें।
जिन मामलों में अन्य विभाग/कार्यालय से समन्वय आवश्यक हो, उन्हें संबंधित विभाग को भेजते हुए उसके निष्पादन की लगातार निगरानी करें।
निष्पादित मामलों का समेकित प्रतिवेदन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जिला स्तर पर उपलब्ध कराएं।
आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराएं।
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में अपनी शिकायत, समस्या अथवा आवेदन-पत्र लेकर निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित हों।
शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को संभावित बाढ़ से निपटने हेतु सभी प्रशासनिक तैयारी को पूर्ण करते हुए सजग एवं सतर्क रहने का निर्देश दिया है।
बैठक में विभागों के बीच में समन्वय से संबंधित बातों को विशेष महत्व देते हुए विस्तार से समीक्षा जिला पदाधिकारी के द्वारा की गई।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी,
कटिहार।
@topfans Information & Public Relations Department, Government of Bihar #katihar
3 views | Katihar, Bihar | Aug 31, 2026