बेगूसराय में जनता दरबार, 82 आवेदकों ने रखी समस्याएं
बेगूसराय। आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में कुल 82 आवेदन प्राप्त हुए।
जनता दरबार में पहुंचे प्रत्येक आवेदक से जिला पदाधिकारी ने उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों का निष्पादन महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रहे, बल्कि प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति की जांच कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने मामलों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर दिया। साथ ही, आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्रवाई से अवगत कराने का भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े व्यक्तिगत एवं जनहित के मामलों को लेकर नागरिक जिला प्रशासन के समक्ष पहुंचे। लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद सुशासन की महत्वपूर्ण कड़ी है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित किया जाता है। नागरिक इन दोनों दिनों में समाहरणालय पहुंचकर जनहित से जुड़ी अपनी समस्याओं के संबंध में आवेदन दे सकते हैं। #BreakingNews #Begusarai #HindiNews