जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल के निर्देश पर श्रावणी मेला 2026 के दौरान कांवरिया श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा उपलब्ध कराने एवं उनकी यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कच्ची कांवरिया पथ पर 15 सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं।
सभी सूचना केंद्रों पर प्रचारकों द्वारा 24×7 सेवा प्रदान करते हुए बिछड़े हुए श्रद्धालुओं एवं उनके परिजनों के नामों का लगातार उद्घोषणा के माध्यम से प्रसारण किया जा रहा है, ताकि उन्हें शीघ्र उनके परिजनों से मिलाया जा सके। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, बांका द्वारा स्वयं की जा रही है।
इसी क्रम में आज सुईयां सूचना केंद्र के प्रचारक द्वारा देवघर निवासी सुभाष मंडल को उनके परिजनों से मिलाया गया। वहीं अबरखा सूचना केंद्र के माध्यम से अररिया जिला निवासी राजेश शाह को उनके परिजनों से मिलाया गया। शिवलोक सूचना केंद्र द्वारा वैशाली निवासी फूल कुमारी देवी को भी उनके परिजनों से मिलाया गया। इसके अतिरिक्त अन्य सूचना केंद्रों के माध्यम से भी कई बिछड़े हुए श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाने का कार्य किया गया।
अपने परिजनों से मिलने के बाद सभी श्रद्धालुओं एवं उनके परिजनों ने जिला प्रशासन द्वारा की गई इस मानवीय एवं सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
48 views | Banka, Bihar | Aug 14, 2026