वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सुरक्षा एवं कल्याण को लेकर पंचायत जनप्रतिनिधियों का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को अधिकारों एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने की दी गई जानकारी।
आज दिनांक 25 अगस्त 2026 को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सुरक्षा एवं कल्याण के संबंध में पंचायत जनप्रतिनिधियों के लिए Sensitization and Awareness Programme का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत जनप्रतिनिधियों को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सुरक्षा एवं कल्याण से संबंधित प्रावधानों तथा उनके लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों तक इन जानकारियों को पहुंचाकर उन्हें आवश्यक सहायता एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, श्री अमरनाथ कुमार ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के महत्वपूर्ण प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्वक एवं गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार है। उनकी देखभाल एवं भरण-पोषण सुनिश्चित करना परिवार की जिम्मेदारी होने के साथ-साथ कानूनी दायित्व भी है।
उन्होंने बताया कि भरण-पोषण से संबंधित मामलों के निस्तारण हेतु अधिनियम में निर्धारित प्रावधानों के तहत अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय में आवेदन किया जा सकता है। यदि किसी माता-पिता अथवा वरिष्ठ नागरिक को उनके पुत्र, पुत्रवधू अथवा परिवार के किसी अन्य सदस्य द्वारा प्रताड़ित किया जाता है अथवा उनका उचित भरण-पोषण नहीं किया जाता है, तो वे संबंधित प्राधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र के ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ पहल करते हुए संबंधित वरिष्ठ नागरिकों को उचित मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
प्रभारी सहायक निदेशक ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं सम्मान केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वरिष्ठ नागरिकों के पास जीवन का व्यापक अनुभव एवं ज्ञान है, जिसका लाभ परिवार एवं समाज को मिलता है। इसलिए पंचायत जनप्रतिनिधियों की यह महत्वपूर्ण भूमिका है कि वे अपने क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा दें तथा उनके अधिकारों एवं कल्याण से संबंधित जानकारी प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं द्वारा पंचायत जनप्रतिनिधियों को वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपयोगी एवं महत्वपूर्ण जानकारी दी गई, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों तक इन जानकारियों को पहुंचा सकें। इस दौरान वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन 14567 के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर वरिष्ठ नागरिकों को हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता, मार्गदर्शन एवं परामर्श प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि द्वारा जनप्रतिनिधियों को वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष ध्यान देने की आवश्यकता से अवगत कराया गया। उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, योग एवं व्यायाम के महत्व की जानकारी दी गई, ताकि वे अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह, हृदय रोग, नेत्र एवं दंत संबंधी समस्याओं की नियमित जांच कराने तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाओं का सेवन करने के लिए जागरूक कर सकें। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड के संबंध में भी जानकारी दी गई।
वित्तीय एवं बैंकिंग से संबंधित जानकारी देते हुए जनप्रतिनिधियों को वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वे अपने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करें कि किसी भी परिस्थिति में OTP, ATM PIN, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी अथवा मोबाइल पर प्राप्त सत्यापन कोड किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही संदिग्ध फोन कॉल, लिंक अथवा मैसेज पर प्रतिक्रिया नहीं देने तथा ऑनलाइन बैंकिंग के दौरान विशेष सावधानी बरतने के लिए वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करें।
वक्ताओं द्वारा पंचायत जनप्रतिनिधियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों से कहा गया कि वे अपने क्षेत्र के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को इन योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करें। साथ ही लाभुकों के आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखने एवं किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित विभाग से संपर्क करने के लिए प्रेरित करें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि द्वारा जनप्रतिनिधियों को वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता एवं विधिक परामर्श के संबंध में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वे अपने क्षेत्र के जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श प्राप्त करने के लिए उचित मार्गदर्शन प्रदान करें।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायत जनप्रतिनिधियों को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, कानूनी सहायता एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक करना था, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों तक इन जानकारियों को पहुंचाते हुए उनके अधिकारों की रक्षा, सम्मानजनक जीवन एवं कल्याण सुनिश्चित करने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 25, 2026