मुख्यमंत्री ने ‘बिहार विद्या साथी’ 24x7 इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म का किया शुभारंभ।
माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने आज लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24x7, 1:1 इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया।
उक्त कार्यक्रम का लाइव प्रसारण समाहरणालय सभाकक्ष, नवादा में प्रभारी जिला पदाधिकारी श्रीमती नीलिमा साहू, जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्कूल की छात्राओं की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘बिहार विद्या साथी’ के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई और अधिक आसान एवं सुगम होगी। विद्यार्थियों के लिए 24x7 ऑनलाइन शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क लाइव शिक्षा के साथ अपनी पसंद के शिक्षक से पढ़ने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल से राज्य के 700 मॉडल विद्यालयों में अध्ययनरत करीब 3 लाख विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। 24x7 वन-टू-वन लाइव ट्यूटर सपोर्ट के लिए करीब 75 हजार शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। पढ़ाई के दौरान पाठ से संबंधित किसी भी समस्या का निःशुल्क एवं त्वरित समाधान, अनलिमिटेड पढ़ाई तथा AI टूल्स के माध्यम से कॉन्सेप्ट लर्निंग की सुविधा भी विद्यार्थियों को मिलेगी।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ‘बिहार विद्या साथी’ के माध्यम से बिहार बोर्ड की पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को JEE एवं NEET की तैयारी तथा AI आधारित डिजिटल अध्ययन सामग्री की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक संसाधनों तक सहज पहुंच सुनिश्चित होगी।
समाहरणालय सभाकक्ष में उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रभारी जिला पदाधिकारी श्रीमती नीलिमा साहू ने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई इस महत्वपूर्ण पहल का सभी विद्यार्थी भरपूर लाभ उठाएं। उन्होंने छात्राओं को ‘बिहार विद्या साथी’ के माध्यम से उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का नियमित उपयोग करते हुए अपनी पढ़ाई को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला स्तरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के पदाधिकारी, शिक्षकगण एवं प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्कूल की छात्राएं उपस्थित थीं।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Aug 25, 2026