#भरतपुर। जिले के उच्चैन थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जयचौली गांव निवासी 67 वर्षीय रमेश का श*व खेतों में पड़ा मिला। मृतक चिकित्सा विभाग से सेवानिवृत्त थे और गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे अपनी पेंशन का काम निपटाने भरतपुर शहर गए थे। देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। परिजनों ने रातभर अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की, मगर उनका कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार की सुबह जब स्थानीय किसान खेतों पर काम करने पहुंचे, तो उन्होंने रमेश को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की जानकारी तुरंत उच्चैन थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी और डॉग स्क्वायड की टीमों को भी मौके पर बुलाया। आसपास की सड़कों और गांव के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतक के बेटे राजवीर का कहना है कि उनके पिता की हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उच्चैन अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हर पहलू से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Bharatpur, Bharatpur | Oct 2, 2026