#इनामी बदमाश #शंकर #पांडेय की संपत्ति कुर्क, कोर्ट के आदेश पर फुल्लनपुर में पुलिस की कार्रवाई....
गाजीपुर। वर्ष 2020 के अंशुमान सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी शंकर पांडेय पुत्र राजशेखर पांडेय के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस ने फुल्लनपुर स्थित आरोपी के मकान में मौजूद सामान की सूची तैयार कर उसे नियमानुसार कुर्क कर अपने कब्जे में लिया।
पुलिस के मुताबिक, अंशुमान सिंह की हत्या के मामले में आरोपी शंकर पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। मामले में न्यायालय की ओर से जारी गैर जमानती वारंट और धारा 83 दंड प्रक्रिया संहिता के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई।
12 अगस्त को उपनिरीक्षक राम मिलन यादव पुलिस टीम के साथ आरोपी के मकान पर पहुंचे, लेकिन वहां आरोपी या उसके परिजन नहीं मिले। स्थानीय लोगों ने बताया कि हत्या की घटना के बाद से शंकर पांडेय गांव में दिखाई नहीं दिया और फरार चल रहा है।
गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने मकान की वीडियोग्राफी कराई और न्यायालय के आदेश से अवगत कराने के बाद मकान में मौजूद सामान की सूची तैयार की। इसके बाद नियमानुसार कुर्की कर सामान पुलिस कब्जे में लिया गया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।