संपूर्ण समाधान तहसील दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
विद्युत विभाग के एसई के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी, स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश
शाहजहांपुर-जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर में संपूर्ण समाधान तहसील दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने तहसील सभागार में फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान तहसील दिवस के दौरान कुल 34 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस, आईजीआरएस, जनता दर्शन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें तथा शिकायतकर्ता की उपस्थिति में जियो-टैग फोटो के साथ निस्तारण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायत का निस्तारण शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित करते हुए किया जाए, जिससे वह निस्तारण की प्रक्रिया एवं परिणाम से संतुष्ट हो सके।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आज प्राप्त शिकायतों का ससमय गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी फरियादी के लिए अपनी समस्या लेकर सरकारी कार्यालय तक आना अपने आप में एक उम्मीद लेकर आना है। इसलिए प्रत्येक शिकायत को केवल एक आवेदन के रूप में नहीं, बल्कि एक वास्तविक समस्या के रूप में समझते हुए संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ उसका समाधान किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से संवाद करते हुए मौके पर जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न हो, बल्कि उसका प्रभाव धरातल पर दिखाई दे तथा फरियादी को वास्तविक राहत मिले। जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अतुल कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।