नशामुक्त युवा–विकसित भारत के संदेश के साथ निकली हेल्थ वॉक/रन
________________
विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने ली नशामुक्ति की शपथ
________________
“मेरी सेहत, मेरा गर्व” थीम के साथ युवाओं ने दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
________________
खरगोन 01 अक्टूबर 2026। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं खेल एवं युवा मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 संडेज़ कैंपेन” के अंतर्गत हेल्थ वॉक/रन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “मेरी सेहत, मेरा गर्व” रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सामाजिक जुड़ाव तथा पूर्णतः नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। महाविद्यालय के प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. जी.एस. चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों में भी युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों से गांवों में जाकर नशे के दुष्प्रभावों एवं इससे होने वाली बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बिस्टान नाका तक निकली हेल्थ वॉक/रन
हेल्थ वॉक/रन शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर से बिस्टान नाका तक आयोजित की गई। इसमें राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं उपस्थित अतिथियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने “नशामुक्त युवा–विकसित भारत” और “मेरी सेहत–मेरा गर्व” जैसे संदेशों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली एवं नशामुक्ति का संदेश दिया।
बिस्टान नाका पहुंचने पर प्रतिभागियों ने क्रांतिसूर्य टंट्या भील की प्रतिमा के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान युवाओं को टंट्या भील के संघर्ष, साहस एवं समाज के प्रति योगदान से प्रेरणा लेने तथा देश और समाज के हित में सकारात्मक भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में 348 विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को मुख्य अतिथि एवं अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक एवं नशामुक्त भारत संबंधी स्लोगन लेखन जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. वंदना बर्वे ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए परिवार, शिक्षण संस्थाओं एवं समाज को मिलकर निरंतर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है। डॉ. ललिता बर्गे ने नशामुक्ति की शुरुआत परिवार से करने की बात कही। डॉ. गणेश पाटील ने युवाओं से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का आह्वान किया, जबकि डॉ. तुषार ने नियमित शारीरिक गतिविधियों को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में डॉ. राजू देसाई, प्रो. संदीप बिरला, प्रो. कमल मेहता सहित महाविद्यालय के कर्मचारी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “नशामुक्त युवा, स्वस्थ युवा और विकसित भारत” के संकल्प के साथ हुआ।
#JansamparkMP #khargone