अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर छात्राओं ने बुजुर्गों की सेवा का लिया संकल्प
________________
संगोष्ठी में बुजुर्गों के सम्मान और अनुभवों से सीखने पर दिया जोर
________________
छात्राओं ने परिवार और समाज में बुजुर्गों की देखभाल का लिया संकल्प
________________
खरगोन 01 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान द्वारा अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर एकीकृत कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, गोगावां में कक्षा 12वीं की छात्राओं के बीच संगोष्ठी एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया।
डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम लीडर आनंद श्री के.बी. मंसारे ने कहा कि गांव और शहरों में वयोवृद्ध बुजुर्ग कई बार छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी परेशान होते हैं। ऐसे में हमें उनकी मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत अपने घर से करते हुए बुजुर्ग दादा-दादी का सम्मान करें, उनसे बातचीत करें और उनके अनुभवों को सुनें।
श्री मंसारे ने मध्यप्रदेश राज्य आनंद संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि बुजुर्गों का सम्मान केवल एक दिन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि वर्षभर उनके सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए। हमारी संस्कृति और परंपरा में बुजुर्ग परिवार के महत्वपूर्ण सदस्य माने गए हैं। उनकी खुशी में ही हमारी खुशी है।
संगोष्ठी में छात्रा निहारिका निहाले एवं शानु यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संस्था के शिक्षक श्री एस.एल. जैन ने विद्यार्थियों से बुजुर्गों का सदैव सम्मान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्राचार्य श्री लोकेंद्र कोचक, श्रीमती वर्षा माछलिया, श्रीमती रमा कुशवाह एवं श्री शुभम धनगर का सहयोग रहा।
#JansamparkMP #khargone