केंद्रीय संचार ब्यूरो की ओर से हर घर तिरंगा अभियान पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
तिरंगा रैली निकालकर दिया राष्ट्र प्रेम का संदेश
सवाई माधोपुर, 13 अगस्त। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय सवाई माधोपुर की ओर से गुरुवार को महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय साहू नगर सवाई माधोपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत संगोष्ठी, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्य ओम प्रभा आर्य ने विद्यार्थियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व, उद्देश्यों और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान पर विचार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय ध्वज की बनावट तथा ध्वज संहिता के तहत ध्वज फहराने संबंधी नियमों की जानकारी दी।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, सवाई माधोपुर के प्रभारी अधिकारी नेमीचंद मीणा ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का महत्व बताते हुए सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान करते हुए अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। विजेता प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं और विद्यालय परिवार के सहयोग से ‘हर घर तिरंगा’अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए हर घर तिरंगा जागरूकता रैली निकाली गई।