समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 14 अक्टूबर 2026
ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का माननीय मंत्री श्री श्रवण कुमार जी ने की समीक्षा, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन एवं लाभुकों को त्वरित लाभ उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
आज दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को माननीय मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग सह सूचना जन संपर्क विभाग, बिहार सरकार, श्री श्रवण कुमार जी की अध्यक्षता में जिला अतिथि गृह, बक्सर में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आवास योजनाओं, मनरेगा, VB-G RAM-G योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, जीविका तथा सोशल ऑडिट से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
माननीय मंत्री महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आवास योजनाओं एवं मनरेगा की समीक्षा
आवास योजनाओं की समीक्षा के क्रम में माननीय मंत्री ने भूमिहीन आवास लाभुकों को शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने तथा मनरेगा के तहत देय मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करते हुए आवास योजनाओं को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया। साथ ही, मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित आवासों को भी अविलंब पूर्ण कराने पर बल दिया गया।
सर्वेक्षण के दौरान पात्र पाए जाने के बावजूद चयनित लाभुकों की सूची में जिन व्यक्तियों का नाम शामिल नहीं है, उनके मामलों की विशेष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजना के लाभ से वंचित न रहे।
VB-G RAM-G योजना के अंतर्गत निर्माण एवं वृक्षारोपण पर जोर
VB-G RAM-G योजना की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र भवनों एवं ग्रामीण हाट भवनों के निर्माण के साथ-साथ वृक्षारोपण संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने का निर्देश दिया गया। माननीय मंत्री महोदय ने वृक्षारोपण कार्यों की प्रभावशीलता एवं पौधों की उत्तरजीविता सुनिश्चित करने के लिए वन पोषकों को समय पर भुगतान करने का भी निर्देश दिया।
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत सामुदायिक शौचालयों को क्रियाशील बनाने का निर्देश
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा के दौरान सभी गैर-क्रियाशील सामुदायिक शौचालयों को शीघ्र क्रियाशील बनाने तथा उनकी नियमित उपयोगिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
जीविका दीदियों के उत्पादों की मार्केटिंग एवं बिक्री पर विशेष ध्यान
जीविका की समीक्षा के क्रम में माननीय मंत्री महोदय ने जीविका दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग एवं बिक्री के लिए उपयुक्त बाजार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य जीविका दीदियों के उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाना तथा उनकी आय एवं आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देना है।
सोशल ऑडिट के लंबित मामलों का एक माह में निष्पादन
बैठक में सोशल ऑडिट से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित मामलों का एक माह के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करने को कहा गया।
माननीय मंत्री महोदय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
उक्त समीक्षा बैठक में माननीय विधायक, राजपुर, माननीय विधायक, डुमरांव, उप विकास आयुक्त बक्सर, जिला जन संपर्क पदाधिकारी बक्सर, निदेशक डीआरडीए, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी कार्यक्रम पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police जिला प्रशासन बक्सर #samrat4bjp #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #CMOBihar #samratchoudhary #bihar
3 views | Buxar, Bihar | Oct 14, 2026