खुले में गंदगी डालने और प्लास्टिक इस्तेमाल करने पर तीन दुकानदारों के काटे चालान
चांदपुर, मंडेबर व फर्कपुर में निगम की कार्रवाई, आयुक्त के निर्देश पर काटे चालान
यमुनानगर। शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को निगम की टीम ने खुले में गंदगी डालने के मामले में चांदपुर और मंडेबर में दो दुकानदारों के चालान किए। वहीं, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने पर एक ठेका संचालक पर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया, स्वच्छ भारत मिशन शहरी के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार की टीम ने की।
टीम ने क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान खुले में गंदगी डालने और प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल करने के मामलों को लेकर कार्रवाई की। निगम की ओर से संबंधित लोगों के चालान कर उन्हें नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
नगर निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ नागरिकों और दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाना है। खुले में कचरा डालने से जहां आसपास गंदगी फैलती है, वहीं इससे नालियों में रुकावट और बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ता है। इसी तरह सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है और कचरा प्रबंधन में भी परेशानी पैदा करता है।
मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर डालें और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी चालान की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो - दुकानदार का चालान करते मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज व अन्य।