@ bareillylive: शहर के फिट ज़ोन न्यूट्रिशन स्टोर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रसिद्ध बॉडी बिल्डर सुनील जाधव की उपस्थिति ने स्थानीय स्वास्थ्य व फिटनेस समुदाय का ध्यान खींचा। कार्यक्रम में फिट ज़ोन के डायरेक्टर प्रवीण भारद्वाज और योगाचार्य अमर शर्मा भी खास तौर पर मौजूद रहे। मीडिया से बात करते हुए योगाचार्य अमर शर्मा ने युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर योग व जिम के संतुलन की आवश्यकता पर जोर दिया।
शर्मा ने कहा कि आजकल युवाओं में जिम जाने का क्रेज बढ़ा है, जो सकारात्मक है, पर केवल जिम करने से शरीर में वह लचीलापन और संतुलन नहीं बन पाता जिसकी आवश्यकता होती है। उनका मानना है कि जब जिम के साथ नियमित योग और आध्यात्मिक अभ्यास जुड़ेंगे तो न केवल मांसपेशियाँ मजबूती से विकसित होंगी बल्कि मानसिक शांति और संतुलन भी कायम रहेगा। उन्होंने युवाओं को संयमित दृष्टिकोण अपनाने और फिटनेस को एक समग्र प्रक्रिया के रूप में देखने की सलाह दी।