पुलिस लाइन में आयोजित मासिक चिकित्सा शिविर में जिलाधिकारी ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए किया प्रेरित
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मासिक चिकित्सा शिविर में आज जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने प्रतिभाग कर स्वयं अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। शिविर में एलोपैथिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा विभाग की टीमों द्वारा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से शरीर में होने वाली बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे उनका समय पर बेहतर उपचार संभव होता है। उन्होंने समस्त पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों को प्रत्येक माह आयोजित होने वाले चिकित्सा शिविर में अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा नियमित रूप से चिकित्सा शिविर में प्रतिभाग कर स्वास्थ्य की जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने पुलिस कर्मियों से अपने परिजनों को भी नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर ने भी चिकित्सा शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। उन्होंने भी पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का नियमित रूप से लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
Muhammadabad Gohna, Mau | Oct 4, 2026