बेतिया नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 से 28 तक मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें निगम की सेवाओं से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव दर्ज कराए। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने विभिन्न शिविरों का निरीक्षण कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर जनता की समस्याओं को नगर निगम प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए एक उपयोगी एवं सशक्त व्यवस्था है। वार्ड 21 में राम-जानकी मंदिर, पीपल चौक और बगही, वार्ड 22 में बंगाली कॉलोनी, बरवत स्थित शंभू होटल एवं दुर्गा मंडप के समीप, वार्ड 23 में रेडक्रॉस भवन, वार्ड 24 में विपिन हाईस्कूल, वार्ड 25 में स्टेशन चौक पोखरा, वार्ड 26 में गंडक स्कूल, वार्ड 27 में रामरूप गोस्वामी महाविद्यालय तथा वार्ड 28 में दुर्गा मंडप, तेल डिपो में शिविर लगाए गए। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने कहा कि बेहतर और विकसित बेतिया का निर्माण केवल निगम प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद की दूरी कम करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित होने से छोटी-छोटी नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार निगम कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर समस्याओं और जरूरतों की प्रत्यक्ष जानकारी मिलने से विकास योजनाओं की प्राथमिकता तय करने में भी सहायता मिलेगी। इससे निगम प्रशासन की जवाबदेही और कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
#champaran24news #viralreelschallenge #CMBihar #viralvideochallenge #BJPGovernment #RJD
Bettiah, West Champaran | Aug 18, 2026