चकदीवान में दुर्गा पूजा को लेकर नई कमेटी गठित, ट्रस्ट का भी हुआ गठन।
शेखपुरा शहर के चकदीवान मोहल्ले में इस वर्ष दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। पूजा के सफल आयोजन एवं मंदिर की व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नई पूजा समिति का गठन किया गया है। श्री श्री 108 श्री दुर्गा महारानी वेलफेयर एंड ट्रस्ट का भी विधिवत गठन एवं निबंधन कराया गया है।
नई गठित ट्रस्ट कमेटी में अध्यक्ष संजय कुमार, उपाध्यक्ष उमाशंकर प्रसाद, सचिव विजय कुमार, कोषाध्यक्ष रविकांत कुमार तथा उपकोषाध्यक्ष प्रेम कुमार गुप्ता बनाए गए हैं।
चकदीवान की दुर्गा पूजा का इतिहास काफी पुराना है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां वर्ष 1929 में पहली बार दुर्गा प्रतिमा स्थापित कर पूजा की शुरुआत हुई थी। तब से यह परंपरा लगातार चली आ रही है और आज भी श्रद्धालु उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
ट्रस्ट के उपकोषाध्यक्ष प्रेम कुमार गुप्ता ने बताया कि चकदीवान की दुर्गा पूजा की कई पुरानी और विशिष्ट परंपराएं हैं। यहां पूजा के लिए बनारस से पंडित बुलाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि शहर में सबसे पहले इसी दुर्गा पूजा समिति की ओर से शुद्ध घी के हलवे का प्रसाद वितरण शुरू किया गया था। स्थानीय लोग इस पूजा को साहू दुर्गा पूजा के नाम से भी जानते हैं।
प्रेम कुमार गुप्ता ने बताया कि इस पूजा की सबसे खास परंपराओं में से एक यह है कि यहां पुजारी दूसरे समाज से होते हैं। यह परंपरा वर्षों पुरानी है और आज भी लोग आपसी भाईचारे, श्रद्धा और सम्मान के साथ इस परंपरा को निभा रहे हैं।
नई समिति और ट्रस्ट का उद्देश्य पूजा आयोजन को व्यवस्थित करने के साथ मंदिर परिसर की साफ-सफाई, धार्मिक कार्यक्रमों तथा श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान देना है।
समिति ने चकदीवान सहित आसपास के श्रद्धालुओं से दुर्गा पूजा में सहयोग और सहभागिता की अपील की है।
Sheikhpura, Sheikhpura | Oct 4, 2026