संत शिरोमणी श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर बिहार सरकार के निर्देशानुसार बांका जिले में “संत शिरोमणी श्री गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान” को व्यापक स्तर पर जन-जागरूक बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इसके पश्चात समाहरणालय स्थित मिनी सभागार में प्रेस ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी, बांका ने अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना एवं विस्तृत रूपरेखा की जानकारी साझा की।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि अभियान का मुख्य ध्येय बांका जिले के सभी अनुसूचित जाति बाहुल्य टोलों एवं बस्तियों की पहचान कर सरकार की सभी 22 प्रमुख कल्याणकारी, विकासात्मक एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से प्रत्येक पात्र परिवार को शत-प्रतिशत आच्छादित (Saturation) करना है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक समरसता, सद्भाव एवं जन-जागरूकता के संदेश के साथ 18 से 20 अगस्त 2026 तक जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। जिले में कलश यात्रा के निर्धारित मार्गों (Route Map) का अनुमोदन जिला पदाधिकारी स्तर से किया गया है, ताकि अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को जिले के सभी अनुसूचित जाति बाहुल्य टोलों एवं टोला क्लस्टर के समीपवर्ती सरकारी भवन में “श्री संत रविदास विकास शिविर” का आयोजन किया जाएगा। अभियान के सुचारू संचालन के लिए प्रखंडवार रोस्टर एवं माइक्रो-प्लान 24 अगस्त 2026 तक तैयार कर लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर की तिथि एवं स्थल की पूर्व सूचना विकास मित्र के माध्यम से घर-घर दी जाएगी। शिविर से पूर्व ही पात्र लाभुकों से आवेदन प्राप्त कर उनका निष्पादन किया जाएगा तथा शिविर में पात्र लाभुकों को सीधे Entitlement, अर्थात स्वीकृति पत्र, कार्ड अथवा सामग्री का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से शिविरों की अध्यक्षता एवं सघन निरीक्षण किया जाएगा। अन्य शिविरों के लिए जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी नामित किया जाएगा। जिला स्तर पर जिला कल्याण पदाधिकारी तथा प्रखंड स्तर पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अभियान के समन्वय की जिम्मेदारी सुनिश्चित करेंगे।
अभियान के तहत सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं जन-जागरूकता के लिए विशेष IEC वैन का संचालन प्रमंडल एवं जिला स्तर पर निर्धारित रूट-प्लान के अनुरूप दो माह तक किया जाएगा। इसके माध्यम से अनुसूचित जाति बाहुल्य टोलों एवं बस्तियों में लोगों को सरकार की योजनाओं, पात्रता एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के अंतर्गत युवा, खेल एवं नवाचार से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें अंतर-विद्यालय खेलकूद, साइकिल रैली, वाद-विवाद, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। युवाओं के लिए 3D प्रिंटिंग तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं इंडस्ट्री 4.0 से जुड़े विशेष कौशल प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी डॉ. बी. आर. अंबेडकर आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों का प्रेरणादायी दौरा किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, अनुशासन एवं बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के तहत प्रखंड स्तर पर “श्री गुरु रविदास कल्याण सेवा केंद्र” की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही आवासीय विद्यालयों में “रविदास हाउस” का गठन तथा संत शिरोमणी श्री गुरु रविदास जी के नाम पर विशिष्ट पुरस्कार योजना की शुरुआत की जाएगी।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सद्भाव, समान अवसर एवं जनभागीदारी को मजबूत करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र परिवार तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को अभियान के सभी घटकों का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Banka, Bihar | Aug 19, 2026