मरहा में फिर जंगली जानवर का हमला, 3 वर्षीय मासूम की गर्दन पर दांतों के निशान
शाहनगर। पन्ना जिले के शाहनगर क्षेत्र के ग्राम मरहा में जंगली जानवर के हमले की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत बढ़ती जा रही है। बीते दिन 5 वर्षीय बच्ची पर सियार के हमले के बाद आज शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उसी मोहल्ले में एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची पर अज्ञात जंगली जानवर ने हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, प्रियांशी उम्र 3 वर्ष सुबह घर के पास आंगन में थी।वहीं उसके पिता सुरेन्द्र सिंह और माता आशा बाई घर के अंदर थे। इसी दौरान अज्ञात जंगली जानवर ने बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके पिता सुरेन्द्र सिंह दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक जानवर वहां से भाग चुका था।
हमले में बच्ची की गर्दन पर जानवर के दांतों के निशान बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिजन बच्ची को उपचार के लिए ले गए।वहीं घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है।
लगातार दो दिनों में एक ही मोहल्ले में दो मासूम बच्चियों पर जंगली जानवर के हमले की घटना सामने आने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाने और हमलावर जंगली जानवर की पहचान कर उसे आबादी क्षेत्र से दूर करने की मांग की है। Dfo South Panna Collector Office Panna #शाहनगर #पन्ना #मरहा #जंगलीजानवर #वनविभाग