खबर का असर: नायब तहसीलदार सुंदर लाल वर्मा पहुंचे स्कूल, जर्जर भवन का बनाया पंचनामा
बोरी/शाहनगर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरी के जर्जर भवन और बारिश के दौरान स्कूल के कमरों एवं कार्यालय में पानी भरने की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है। खबर का असर देखने को मिला, जब शाहनगर नायब तहसीलदार सुंदर लाल वर्मा विद्यालय की स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे।
नायब तहसीलदार सुंदर लाल वर्मा ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर भवन की वास्तविक स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान स्कूल भवन की स्थिति खराब पाई गई। भवन की जर्जर स्थिति और बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों को देखते हुए मौके पर पंचनामा तैयार किया गया।
गौरतलब है कि विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक करीब 812 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। बारिश के दौरान स्कूल के क्लास रूम सहित कार्यालय में पानी भर जाता है। वहीं अतिरिक्त कक्षों की हालत भी जर्जर बताई गई है। इन कमरों की छत से बारिश के पानी के साथ प्लास्टर गिरने का खतरा बना हुआ है।
स्थिति को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन को कई बार वैकल्पिक स्थान तलाशकर कक्षाएं संचालित करनी पड़ रही हैं। सीमित स्थान के कारण कई बार कंबाइन क्लास लगाकर विद्यार्थियों की पढ़ाई कराई जा रही है।
विद्यालय के संकुल प्राचार्य राजेश प्रताप मिश्रा के अनुसार भवन की समस्या को लेकर बीईओ शाहनगर, जनपद सीईओ और तहसीलदार शाहनगर को लिखित जानकारी दी जा चुकी है।
अब नायब तहसीलदार द्वारा मौके पर निरीक्षण कर पंचनामा बनाए जाने के बाद उम्मीद जगी है कि संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर जल्द कार्रवाई करेगा।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब विद्यालय में 812 बच्चे पढ़ रहे हैं और भवन की स्थिति खराब पाई गई है, तो क्या प्रशासन विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए समय रहते मरम्मत या वैकल्पिक भवन की व्यवस्था करेगा?