जिला खनिज प्रतिष्ठान अंतर्गत जिला स्तरीय न्यायपालिका समिति की बैठक आयोजित
धार, 27 अगस्त 2026। जिला खनिज प्रतिष्ठान (DMF) अंतर्गत जिला स्तरीय न्यायपालिका समिति की बैठक कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय, प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धार, जिला खनिज अधिकारी सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री मीना ने जिला खनिज प्रतिष्ठान की नवीन गाइडलाइन के अनुसार प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित क्षेत्रों के लिए उच्च प्राथमिकता एवं अन्य प्राथमिकता के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय जिले की आवश्यकताओं एवं स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता तय की जाए।
कलेक्टर ने विशेष रूप से शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने वाले कार्यों को कार्ययोजना में शामिल किया जाए।
बैठक में पांच वर्षीय कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रथम चरण में शीघ्र बेसलाइन सर्वे कराने तथा क्षेत्रवार आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें प्राथमिकता क्रम में सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सर्वे के आधार पर तैयार प्रस्तावों में वास्तविक आवश्यकता, क्षेत्र की प्राथमिकता तथा अधिकतम जनहित को ध्यान में रखा जाए, ताकि जिला खनिज प्रतिष्ठान की राशि का प्रभावी एवं जनोपयोगी कार्यों में उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
37 views | Dhar, Madhya Pradesh | Aug 27, 2026