थाना कसौला पुलिस की अवैध हथियार रखने वालो के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 02 अवैध देशी कट्टे व 10 जिंदा रौंद बरामद, हथियार तस्करी नेटवर्क से जुड़े सप्लायरों सहित 04 आरोपी गिरफ्तार।
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियारों, नशा तस्करी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कसौला पुलिस ने मुस्तैदी से काम करते हुए दो अलग-अलग मामलों में अवैध हथियारों के साथ दो सप्लायरों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 अवैध देशी कट्टे और 10 जिंदा कारतूस (रोंद) बरामद किए हैं।
1: अवैध देशी कट्टे सहित आरोपी रमन उर्फ बोगा गिरफ्तार, दो हथियार सप्लायर भी पुलिस की गिरफ्त में
जांचकर्ता ने बताया की गत 04 अक्टूबर को थाना कसौला पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि रमन उर्फ बोगा निवासी गांव जलियावास, जिसके पास अवैध हथियार है, असाई फ्लाई ओवर के नीचे किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी का गठन किया और बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस ने साथी कर्मचारियों की मदद से आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 01 अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी रमन ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार शेखर निवासी गांव डयोढई से खरीदा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हथियार तस्करी के इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया और आरोपी सप्लायर शेखर सहित मुख्य सप्लायर आशीफ निवासी गांव झिंझर जिला कानपुर यूपी हाल किरायेदार बावल को भी गिरफ्तार कर लिया है।
2: 01 अवैध देशी कट्टा व 10 जिंदा कारतूस के साथ आरोपी अमित कुमार गिरफ्तार
इसी प्रकार दूसरे मामले में, गत 04 अक्टूबर को ही थाना कसौला पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि अमित कुमार निवासी गांव आसलवास अवैध हथियार के साथ असाई पुल के पास खड़ा है। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी अमित कुमार को धर दबोचा। आरोपी की नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 01 अवैध देशी कट्टा और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पुलिस कार्रवाई व न्यायिक हिरासत
पुलिस ने थाना कसौला में आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम (Arms Act) एवं संबंधित विभिन्न धाराओं के अंतर्गत दो अलग-अलग अभियोग पंजीकृत किए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत (Jail) में भेज दिया गया है।
पुलिस का कड़ा संदेश
जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अवैध हथियार, नशा तस्करी या असामाजिक तत्वों के मंसूबों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
आमजन से अपील; किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर दें।
Rewari, Rewari | Oct 5, 2026