सेवा सेतु संकल्प अभियान: निश्चिंतपुर शिव मंदिर परिसर में चला स्वच्छता अभियान
सोनुआ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार (2 अक्टूबर) को 'सेवा सेतु संकल्प अभियान' के तहत मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के सोनुआ प्रखंड स्थित निश्चिंतपुर शिव मंदिर परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की तथा जन-साधारण को स्वच्छता का संदेश दिया।
मौके पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को एक स्वस्थ और सशक्त समाज की मूल आधारशिला माना था। बापू के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखना तथा समाज में जागरूकता फैलाना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अमरेश प्रधान, प्रखंड अध्यक्ष निशांत महतो, गोपाल कर, निर्मल साहू, घनश्याम जोंको, निहार मोहाली तथा श्री विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बृजेश प्रधान, केदार नाथ नायक सहित कई अन्य कार्यकर्ता व स्थानीय लोग उपस्थित थे।