भटियात ने बचाई हिमाचल की सरकार, कुलदीप पठानिया ने भाजपा की सत्ता चोरी की साज़िश को मरोड़ा: सुरजीत भरमौरी
डूडीहार बंगला में लोकतंत्र बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस की बैठक, मिशन-2027 के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की रणनीति
भटियात। लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत भटियात विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक डूडीहार बंगला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय कंवर ने की। बैठक में जिला कांग्रेस चम्बा प्रभारी कर्ण सिंह पठानिया, प्रदेश महासचिव प्रभारी मनमोहन कटोच, प्रदेश महासचिव प्रभारी बलविंदर सिंह बबलू तथा जिला कांग्रेस कमेटी चम्बा के अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में SIR, मतदाता सूची, वोट चोरी, चंदा चोरी और पेपर चोरी जैसे मुद्दों को मंडलम, पंचायत और गांव स्तर तक ले जाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अभियान को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।
जिला प्रभारी कर्ण सिंह पठानिया ने कार्यकर्ताओं से मिशन-2027 की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की मजबूती में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि कांग्रेस लगातार लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पर वोट चोरी, विधायक चोरी और संसद की ताकत का दुरुपयोग कर सत्ता हासिल करने के आरोप हैं और हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा, “हिमाचल में भाजपा की सत्ता हथियाने की साज़िश को भटियात के विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मजबूती से नाकाम किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने भाजपा की इस साज़िश को तोड़-मरोड़ कर रख दिया। यही कारण है कि आज हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार मजबूती से खड़ी है।”
सुरजीत शर्मा भरमौरी ने कहा कि भटियात की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि “वोट बचाओ—देश बचाओ, लोकतंत्र बचाओ—संविधान बचाओ” के संदेश को प्रत्येक पंचायत और गांव तक पहुंचाया जाए।
बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारे के साथ लोकतंत्र बचाओ अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
Chamba, Chamba | Oct 4, 2026