मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: संभाग आयुक्त और कलेक्टर ने ग्यारसपुर और अटारीखेजड़ा का भ्रमण किया
..
संभागायुक्त ने शासकीय योजनाओं की क्रियान्वयन स्थिति और ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया
..
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत भोपाल संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा एवं कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने विदिशा जिले की ग्राम पंचायत अटारीखेजड़ा और ग्यारसपुर का भ्रमण कर शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं की उपलब्धता, राशन वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण आहार सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ की स्थिति की जानकारी ली।
संभागायुक्त श्री शर्मा ने सर्वप्रथम ग्राम पंचायत अटारीखेजड़ा पहुंचकर पीएम श्री स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र का अवलोकन कर बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
ग्राम पंचायत भ्रमण के दौरान संभागायुक्त सामुदायिक भवन में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत आवेदनों पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने मां की बगिया में पौधारोपण किया और ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इसके उपरांत संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने ग्राम पंचायत ग्यारसपुर का भ्रमण किया। यहां उन्होंने विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने सांदीपनि विद्यालय ग्यारसपुर पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
संभागायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ग्यारसपुर का निरीक्षण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं आमजन को समय पर उपचार तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान संभागायुक्त ने सामुदायिक भवन में लखपति दीदियों से संवाद कर उनके कार्य, आय में वृद्धि और योजनाओं से मिले लाभ के अनुभव जाने। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत संभागायुक्त के इस भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं और सेवाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करना तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करना रहा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया सहित क्षेत्र के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व ग्रामीण जन मौजूद रहे। #Vidisha #JansamparkMP
98 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026