*बस्ती में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, दिलाई गई रोग मुक्ति की शपथ*
जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 01 अक्टूबर 2026
*बस्ती।* चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश के निर्देश पर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 अक्टूबर 2026 एवं दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर 2026 का शुभारंभ बृहस्पतिवार को जीआईसी स्कूल परिसर से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने फीता काटकर और प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया।
इस दौरान सजी हुई मोबाइल ब्लड डोनेशन वैन और जिला स्वास्थ्य समिति बस्ती के प्रचार वाहनों की रैली जी.आई.सी. से मुख्य बाजार होते हुए कंपनी बाग, फव्वारा चौराहा, मालवीय रोड, रौता चौराहा, रोडवेज होते हुए जिला अस्पताल तक निकाली गई।
*प्रमुख रूप से ये अधिकारी रहे मौजूद -* मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला मलेरिया अधिकारी आर्येन्द्र दुबे, सहायक मलेरिया अधिकारी चन्द्र मोहन मेहरोत्रा, एस.एम.आई. प्रमोद कुमार, मलेरिया इंस्पेक्टर ज्योति सिंह, अनिल कुमार, फाइलेरिया इंस्पेक्टर अभय वर्मा, विपिन चौधरी, लैब टेक्नीशियन मनीष सिंह, अब्दुल वारिस, सी.वी.ओ. अरुण गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग व नगर पालिका के कर्मचारी और आशा बहुएं मौजूद रहीं।
*स्वस्थ व्यवहार अपनाना है - संचारी रोगों को हराना है*
अभियान के बैनर पर *"बुखार में देरी पड़ेगी भारी"* और *"7 का वार, संचारी रोगों पर प्रहार"* का संदेश दिया गया। बताया गया कि हेल्पलाइन नंबर *1800-180-5145* और *108* पर कॉल करके जानकारी ली जा सकती है। घर-घर पर दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, दिमागी बुखार, क्षय रोग और कुष्ठ रोग की जानकारी देंगी।
*दिलाई गई संचारी रोग मुक्ति की शपथ* कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान की शपथ दिलाई गई।
*संचारी रोग नियंत्रण शपथ में कहा गया -* "हम अपने गाँव, ब्लाक, जनपद और प्रदेश को रोग मुक्त करने के लिये प्रतिबद्ध हैं। हम शपथ लेते हैं कि व्यक्तिगत साफ-सफाई का ध्यान रखेंगे, अपने घर के आस-पास साफ सफाई रखेंगे, अपने गाँव और मुहल्ले के वातावरण को स्वच्छ रखेंगे तथा समुदाय को साफ सफाई अपनाने के लिये प्रेरित करेंगे। संचारी रोग हमारे परिवारों को आर्थिक नुकसान का बड़ा कारण हो सकता है। हम लड़ाई में हर सम्भव प्रयास करेंगे कि हमारे परिवार और समुदाय संचारी रोगों से मुक्त रहें। यदि कोई व्यक्ति बुखार से पीड़ित होगा तो उसके परिवार को तुरन्त इलाज के लिये सरकारी अस्पताल जाने हेतु प्रेरित करेंगे।"
*दस्तक शपथ में बताया गया -* कोई भी बुखार दिमागी बुखार (नवकी बीमारी) हो सकता है जो जानलेवा और शारीरिक-मानसिक विकलांगता ला सकता है। इस बीमारी से 1 से 15 वर्ष के बच्चों को सबसे ज्यादा खतरा है। हम शपथ लेते हैं कि दिमागी बुखार से लड़ाई में प्रयास करेंगे कि कोई भी बच्चा इसका शिकार न हो। हम शौच के लिये शौचालय का प्रयोग करेंगे, व्यक्तिगत साफ-सफाई रखेंगे और यदि गाँव में कोई बच्चा बुखार से पीड़ित होगा तो उसे सरकारी अस्पताल जाने के लिये प्रेरित करेंगे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 1, 2026