कचरा पृथक्करण स्वच्छ और स्वस्थ शहर की नींव - दुर्गेश
4-बिन कचरा पृथक्करण अपनाने के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक
यमुनानगर। नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर 11 के दड़वा स्थित राजकीय हाई स्कूल में 4-बिन कचरा पृथक्करण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2026 के तहत कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग करने के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को गीले और सूखे कचरे समेत निर्धारित श्रेणियों के अनुसार कचरे को अलग-अलग डिब्बों में रखने तथा उसके उचित निस्तारण के बारे में विस्तार से समझाया गया। स्वच्छ भारत मिशन शहरी के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार ने कहा कि स्रोत पर कचरा पृथक्करण स्वच्छ और स्वस्थ शहर की नींव है। यदि घर और विद्यालय स्तर पर ही कचरे को अलग-अलग किया जाए तो इसके प्रबंधन और पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने घरों और विद्यालय में 4-बिन व्यवस्था अपनाने के साथ-साथ परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि कचरा अलग-अलग करेंगे, स्वच्छ शहर की ओर बढ़ेंगे। स्कूल प्रधानाचार्य ने नगर निगम की टीम को आभार जताया।
फोटो - स्कूल में बच्चों को जागरूक करते एसबीएम के विशेषज्ञ दुर्गेश कुमार।