#Balrampur ! पुरैना वाजिद की प्रधान शाहीन बेगम को मिला 'पंचायत रत्न-2026' सम्मान...
देवीपाटन मंडल से चुनी गईं एकमात्र पंचायत प्रतिनिधि; गांधी जयंती पर आजमगढ़ के बीनापारा में हुआ भव्य सम्मान समारोह
#उतरौला (बलरामपुर)। ग्रामीण विकास और जनसुविधाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए विकासखंड श्रीदत्तगंज की ग्राम पंचायत पुरैना वाजिद की प्रधान शाहीन बेगम को राष्ट्रीय स्तर के ‘पंचायत रत्न-2026’ सम्मान से नवाजा गया है। देवीपाटन मंडल से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होने वाली वह एकमात्र पंचायत प्रतिनिधि हैं।
गांधी जयंती के अवसर पर 'ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन' की ओर से आजमगढ़ जिले की ग्राम पंचायत बीनापारा में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में संगठन के अध्यक्ष विवेक चंद्र अवस्थी और वरिष्ठ सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी अनुराग पटेल ने प्रधान शाहीन बेगम को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
देश भर से चयनित 51 पंचायत प्रतिनिधियों में शामिल
ग्रामीण सत्ता पंचायतीराज संगठन द्वारा देश भर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले 51 पंचायत प्रतिनिधियों का चयन किया गया था, जिनमें उत्तर प्रदेश के 29 प्रतिनिधि शामिल हैं। बलरामपुर जिले से पुरैना वाजिद की प्रधान शाहीन बेगम को ग्राम पंचायत में अभूतपूर्व विकास, पारदर्शिता और जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए यह सम्मान मिला है। इस सफलता में उनके पुत्र व प्रधान प्रतिनिधि शाहिद महमूद खान की भी प्रशासनिक व विकास कार्यों में सराहनीय भूमिका रही।
"यह सम्मान पूरी ग्राम पंचायत का गौरव"– प्रधान प्रतिनिधि
सम्मान प्राप्त होने पर खुशी जाहिर करते हुए प्रधान प्रतिनिधि शाहिद महमूद खान ने कहा, "यह सम्मान केवल हमारी माताजी का नहीं, बल्कि पूरी ग्राम पंचायत पुरैना वाजिद का गौरव है। ग्रामीणों के निरंतर सहयोग और भागीदारी से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी है।"
उन्होंने आगे कहा कि इस पुरस्कार ने हमारी जिम्मेदारियों को और बढ़ा दिया है। आने वाले समय में पंचायत में विकास कार्यों, जनसुविधाओं के विस्तार और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता देते हुए और अधिक निष्ठा से काम किया जाएगा।
#utraula #balrampur