सब्जी की खाली कैरेट की आड़ में डोडा पोस्त तस्करी का भंडाफोड़, 2 तस्कर गिरफ्तार
नसीराबाद। जिला स्पेशल टीम अजमेर और पुलिस थाना नसीराबाद सदर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सब्जी की खाली कैरेट की आड़ में डोडा पोस्त की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 1 क्विंटल 86.03 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त डोडा पोस्त की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल एक पिकअप वाहन (आरजे 06 जीडी 2028) भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, डीएसटी प्रभारी शंकर सिंह रावत को 20 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में सब्जी की खाली कैरेट की आड़ में बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर डीएसटी ने नाकाबंदी कर संदिग्ध पिकअप को रुकवाया। वाहन में दो व्यक्ति सवार मिले।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम हरिलाल जाट पुत्र मांगीलाल जाट, उम्र 23 वर्ष, निवासी बलिया, थाना बदनियावास, भीलवाड़ा बताया, जबकि दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम रामस्वरूप जाट पुत्र भंवरलाल जाट, उम्र 23 वर्ष, निवासी बलिया, थाना बदनियावास, भीलवाड़ा बताया।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो सब्जी की खाली कैरेट के नीचे तिरपाल लगा हुआ मिला। तिरपाल हटाकर जांच करने पर अलग-अलग रंग के कट्टों में डोडा पोस्त भरा हुआ मिला। वजन करने पर कुल 1 क्विंटल 86.03 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस थाना नसीराबाद सदर में प्रकरण संख्या 318/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
Ajmer, Ajmer | Aug 21, 2026