कैलारस से श्योपुर के वीरपुर तक मेमू ट्रेन संचालन का आज शुभारंभ कैलारस से सबलगढ़ होते हुए वीरपुर तक मेमू ट्रेन के संचालन का आज शुभारंभ किया जा रहा है। इस अवसर पर कैलारस रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर मौजूद रहेंगे और हरी झंडी दिखाकर मेमू ट्रेन को वीरपुर के लिए रवाना करेंगे।
कार्यक्रम से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।
बताया जा रहा है कि कैलारस से वीरपुर के लिए मेमू ट्रेन को करीब दोपहर 2 बजे रवाना किया जाएगा। हालांकि, अंतिम समय की आधिकारिक पुष्टि रेलवे कार्यक्रम के अनुसार होगी।
कैलारस रेलवे प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए रेलवे पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है।
मेमू ट्रेन सेवा शुरू होने से कैलारस, सबलगढ़ और वीरपुर क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
#रेलसेवा #memutrain