#नन्दगंज। क्षेत्र के बरहपुर हरिजन बस्ती में गुरुवार सुबह बिजली के गिरे तार की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर का पैर झुलस गया। परिजनों ने घायल किशोर को नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बरहपुर हरिजन बस्ती निवासी सरवन कुमार का 16 वर्षीय पुत्र किशन कुमार गुरुवार सुबह करीब आठ बजे घर से मंदिर जा रहा था। बताया गया कि घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर बगीचे के पास रास्ते में पहले से बिजली का तार गिरा हुआ था। इसी दौरान किशोर तार की चपेट में आ गया, जिससे उसका दाहिना पैर झुलस गया।
घटना के समय पास में मौजूद दो किशोरों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को आनन-फानन में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नंदगंज ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार घायल किशोर का इलाज चल रहा है।