कौबरा के दंगल में गूंजी पहलवानों की हुंकार, अर्जुन सिंह बघेल का जोरदार स्वागत
चित्रकूट। मानिकपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कौबरा में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में कुश्ती के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कार्यक्रम में चित्रकूट जिला पंचायत सदस्य एवं समाजसेवी अर्जुन सिंह बघेल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता कर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता पहलवानों को ₹5 हजार से ₹10 हजार तक की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।
इस दौरान कौबरा, गढ़चपा, गौरिया सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अर्जुन सिंह बघेल का स्वागत किया। दंगल में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे और पहलवानों ने अखाड़े में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मऊ-मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
दंगल आयोजक समाजसेवी महेंद्र मिश्रा एवं बरमदीन मिश्रा रहे। वहीं सुरेंद्र दुबे, सतीश मिश्रा एवं वेद प्रकाश मिश्रा ने सहयोग किया।
कुछ पहलवानों ने जताई नाराजगी, व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
दंगल के बाद कुछ बाहर से आए पहलवानों ने उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिलने की शिकायत की। उनका कहना है कि वे दूर-दराज से कुश्ती लड़ने की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अखाड़े में अपनी प्रतिभा दिखाने का अपेक्षित मौका नहीं मिल सका।
एक युवा पहलवान ने कहा कि वह दूर से आया था और कुश्ती लड़ने की उम्मीद थी, लेकिन मुकाबला नहीं हो पाया। पहलवानों का कहना है कि युवा पहलवानों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए।
कुछ पहलवानों ने यह भी कहा कि स्थानीय पहलवानों के बीच मुकाबलों को अधिक प्राथमिकता मिलने की उनकी धारणा बनी। हालांकि, दंगल में मुकाबलों और पहलवानों के चयन का आधार क्या रहा, इस संबंध में आयोजकों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
ऐसे में पहलवानों की शिकायतों की वास्तविक स्थिति आयोजकों और संबंधित पहलवानों का पक्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल यह पहलवानों की ओर से उठाई गई आपत्ति है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।