#तुलसीपुर: नवरात्रि के दौरान हर्रैया तिराहे पर बिरयानी बेचने पर विवाद, कार्यकर्ताओं ने युवक को पुलिस को सौंपा
#तुलसीपुर (#बलरामपुर):
शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व के बीच तुलसीपुर के हर्रैया तिराहा ओवरब्रिज के सामने अंडे की बिरयानी बेचने का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ठेला लगाकर अंडे की बिरयानी बेच रहा था, जिसकी सूचना मिलने पर विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही ठेले पर रखे अंडों को फेंक दिए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
कार्यकर्ताओं ने जताई कड़ी नाराजगी
इस घटना के बाद विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए विश्व हिंदू महासंघ के उपाध्यक्ष मिथिलेश गिरी ने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर यदि प्रशासन की ओर से ऐसे आयोजनों या बिक्री पर किसी प्रकार का प्रतिबंध लगाया गया है, तो उसका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के दायरे में रहकर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल, इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस प्रशासन इस मामले में आगे क्या सख्त कदम उठाता है।
#balrampur #tulsipur