अगस्त क्रांति दिवस पर गरजा गया: तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस, ‘अगस्त क्रांति जिंदाबाद’ के नारों से गूंजा शहर
गया। अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर रविवार को गया में कांग्रेस पार्टी की ओर से जोरदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजेंद्र आश्रम से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर विशाल मार्च निकाला। इस दौरान “अगस्त क्रांति जिंदाबाद”, “अगस्त क्रांति के वीर सपूत अमर रहें” समेत देशभक्ति के नारों से शहर की सड़कें गूंज उठीं। मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत राजेंद्र आश्रम से हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर अनुशासित तरीके से मार्च में शामिल हुए। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस देश के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। यह दिन उन वीर सपूतों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी।
मार्च के दौरान सबसे पहले बड़ीकी के पास स्थित शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण किया। भगत सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कार्यकर्ताओं ने उनके बलिदान को याद किया और देश की आजादी के लिए उनके योगदान को नमन किया। इसके बाद मार्च आगे बढ़ा और केदारनाथ मार्केट के पास डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। कांग्रेस नेताओं ने संविधान निर्माता डॉ. आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद देश के प्रथम प्रधानमंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू को भी नमन किया गया।
कांग्रेस का यह मार्च कोतवाली के पास स्थित शहीद स्मारक पहुंचा। यहां स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद कार्यकर्ता गांधी मैदान की ओर बढ़े। नेताओं ने कहा कि अगस्त क्रांति केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए जनता की एकजुट ताकत और संघर्ष का प्रतीक है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार झुन्ना ने कहा कि अगस्त क्रांति आंदोलन ने देशवासियों के भीतर आजादी की लौ को और तेज किया था। लाखों लोगों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने की जरूरत है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मिट्ठू ने भी शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी बलिदान और संघर्ष का परिणाम है। उनके अलावा रंजीत प्रसाद, जुगल सिंह, विद्या सिंह, प्रमोद सिंह, मृदुला खातून, राजेंद्र सिंह समेत कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता मार्च में शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलने, देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया। तिरंगे के साथ निकला यह मार्च गया में कांग्रेस के अगस्त क्रांति दिवस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
#गयाजी
#GayaPolice
#gaya
#LatestNews
#बीजेपीसरकार
#bihar