कलेक्टर-एसपी ने केन-बेतवा परियोजना अंतर्गत पुनर्वासित ग्रामीणों के घर-घर जाकर उनसे संवाद कर सुनी समस्याएं
पुनर्वासित ग्रामों की नई बसाहटों का किया निरीक्षण, विस्थापितों की समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश
कलेक्टर ने लोगों से शीघ्र अपनी समग्र आईडी शिफ्ट कराने की अपील की, जिससे उन्हें सभी जरूरी लाभ मिल सके
बिजली, सड़क, नाली, पेयजल और मूलभूत सुविधाओं के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
----
कलेक्टर श्री मृणाल मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा ने रविवार को केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित पुनर्वासित ग्राम करौंदिया, सलैया एवं मोतीगढ़ में नवीन बसाहटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
करौंदिया में घर घर जाकर कलेक्टर एवं एसपी ने खाट पर बैठकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना। जिसमें ग्रामीणों ने अपने कच्चे मकान से पक्के मकान में शिफ्ट होने पर प्रसन्न्ता भी जाहिर की।
• समग्र आईडी शिफ्ट कराने की अपील, बच्चों की शिक्षा के लिए नाम जुड़वाने के निर्देश
कलेक्टर ने विस्थापित परिवारों से अपनी समग्र आईडी पुनर्वासित ग्राम में शिफ्ट कराने की अपील की, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सुगमता से लाभ मिल सके। उन्होंने बच्चों के नाम समग्र आईडी में जुड़वाने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों को शिक्षा, बुजुर्गों को पेंशन सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।
• बिजली, सड़क और नाली अदि सुविधाओं के लिए प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश
• ग्रामीणों के लिए पेयजल आपूर्ति हेतु पीएचई को हैण्डपंप स्थापित कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान बिजली, सड़क एवं नाली से संबंधित समस्याओं की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पीएचई विभाग को हैंडपंप स्थापित कराने के निर्देश दिए गए।
• जलभराव के स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण का प्रस्ताव
करौंदिया में वर्षा के दौरान हुए जलभराव का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसके स्थायी समाधान के लिए नाली निर्माण का प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वर्षा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति बंद की गई थी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ लगभग एक सप्ताह के भीतर अस्थाई विद्युत व्यवस्था सुचारू कराने के निर्देश दिए।
• स्कूल, आंगनवाड़ी, सामुदायिक भवन सहित मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता
कलेक्टर ने पुनर्वासित ग्राम में स्कूल, आंगनवाड़ी, सामुदायिक भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन विस्थापित परिवारों की सुविधाओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ा है।
• पैकेज की राशि प्राप्त कर चुके परिवारों से शीघ्र आवास निर्माण शुरू कराने की अपील
कलेक्टर ने जिन विस्थापित परिवारों को पैकेज की राशि प्राप्त हो चुकी है, उनसे शीघ्र मकान निर्माण प्रारंभ कर पुनर्वासित ग्राम में शिफ्ट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवारों को के शीघ्र पुनर्वास से ग्राम में बिजली, सड़क, पेयजल एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों को गति मिलेगी। प्रभावित परिवारों को उनकी आवश्यकता के अनुसार भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी जारी है। साथ ही यह भी बताया गया कि करौंदिया में 200 परिवार शिफ्ट हो रहें हैं वहीं मोतीगढ़ में 30 परिवार शिफ्ट होकर मकान निर्माण का कार्य कर रहे हैं।
Dr Mohan Yadav
CM Madhya Pradesh
Tulsi Silawat
Jansampark Madhya Pradesh
Ministry of Jal Shakti, Department of Water Resources, RD & GR
Department of Water Resources, Madhya Pradesh
Sagar Commissioner
SP Chhatarpur
PRO Jansampark Chattarpur
#chhatarpur #केन_बेतवा_लिंक_परियोजना