14 कृषक आश्रित परिवारों को 28 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित
मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के तहत ओसियां मंडी परिसर में कार्यक्रम, विधायक भैराराम सियोल रहे मुख्य अतिथि
ओसियां। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के अंतर्गत ओसियां कृषि उपज मंडी समिति परिसर में सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओसियां विधायक भैराराम सियोल रहे। इस दौरान 14 कृषक आश्रित परिवारों को कुल 28 लाख रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। ऑनलाइन माध्यम से डीबीटी के जरिए लाभार्थियों के बैंक खातों में सहायता राशि हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम में विधायक भैराराम सियोल ने कहा कि किसान परिवारों के दुख और कठिन समय में उनके साथ खड़ा होना सरकार की संवेदनशीलता और किसान हित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ओसियां क्षेत्र के किसानों के हित, कृषि सुविधाओं के विस्तार और मंडी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
बताया गया कि पिछले तीन वर्षों में ओसियां कृषि उपज मंडी समिति में प्रदेश की अन्य मंडी समितियों की तुलना में सर्वाधिक सहायता राशि का वितरण हुआ है।
विधायक को सौंपा आरओबी निर्माण का मांग पत्र
कार्यक्रम के दौरान ओसियां क्षेत्र के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने तिंवरी-ओसियां प्रमुख एमडीआर सड़क मार्ग पर जाटीपुरा रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों ने विधायक भैराराम सियोल को आरओबी निर्माण की मांग को लेकर मांग पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे फाटक पर आरओबी बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।
विधायक सियोल ने ग्रामीणों की मांग को सुना और इस जनहित के मुद्दे पर आवश्यक कार्रवाई एवं प्रयास करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में कृषि उपज मंडी समिति के अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, स्थानीय व्यापारी, किसान तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
Bhairaram Choudhary
Osian, Jodhpur | Oct 1, 2026