*बस्ती: शास्त्री चौक पर गूंजा विकसित भारत का संकल्प, चार दिशाओं में रवाना हुई सेवा ज्योति यात्रा*
*जनपद बस्ती, 07 अक्टूबर 2026।* सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को शहर के शास्त्री चौक पर विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘वंदे भारत गीत’ के साथ हुआ।
इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनसमुदाय ने ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने उपस्थित लोगों को विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक संकल्प है। देश के विकास में सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।
विकसित भारत का संकल्प लेने के उपरांत सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा कार्यक्रम स्थल देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलित कर सेवा ज्योति को चारों दिशाओं में यात्रा के लिए रवाना किया गया।
शास्त्री चौक से चार अलग-अलग दिशाओं में निकली सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और विकसित भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं।
*इस अवसर पर* जिला प्रभारी सत्येन्द्र सिन्हा, जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक हर्रैया अजय सिंह, पूर्व विधायक रवि सोनकर, दयाराम चौधरी, नगरपालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र नाथ तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 7, 2026