✅ स्मार्ट मीटर के सबंध में उप मुख्य महाप्रबंधक श्री सी.के.पवार ने दी अहम जानकारियां
✅ स्मार्ट मीटर की भ्रांतियां दूर करने हरदा में आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों के प्रश्नों के दिए जवाब
✅ हरदा में 28 हजार 273 स्मार्ट मीटर स्थापित, स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को छह माह में 80 लाख 36 हजार रुपये की मिली टीओडी
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को नए टैरिफ आर्डर के अनुसार अब खपत के आधार पर दिन के टैरिफ में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपयोग की गई बिजली पर 20 प्रतिशत की छूट मिल रही है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप मुख्य महाप्रबन्धक श्री पवार ने बताया कि हरदा जिले में अब तक 28 हजार 273 स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ के तहत दी जा रही छूट का लाभ भी लगातार बढ़ रहा है। फरवरी से जुलाई 2026 तक छह माह में हरदा के कुल 21 हजार 663 उपभोक्ताओं को 80 लाख 36 हजार रुपये की टीओडी छूट का लाभ मिला है।
माहवार आंकड़ों के अनुसार फरवरी में 8 हजार 324 उपभोक्ताओं को 4 लाख 10 हजार रुपये, मार्च में 11 हजार 202 उपभोक्ताओं को 6 लाख 6 हजार रुपये, अप्रैल में 14 हजार 295 उपभोक्ताओं को 8 लाख 8 हजार रुपये, मई में 17 हजार 936 उपभोक्ताओं को 16 लाख 72 हजार रुपये, जून में 19 हजार 459 उपभोक्ताओं को 22 लाख 84 हजार रुपये तथा जुलाई में 21 हजार 663 उपभोक्ताओं को 22 लाख 56 हजार रुपये की छूट प्रदान की गई। यह बात मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप मुख्य महाप्रबंधक (स्मार्ट मीटरिंग सेल) श्री सी.के.पवार ने स्मार्ट मीटर से होने वाले लाभ तथा मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उपभोक्ता हित में चलाई जा रही शासन एवं कंपनी की योजनाओं जैसे ग्रामीण क्षेत्र में 5 रुपये में नवीन कनेक्शन, संपर्क अभियान 2026, सोलर रूफटॉप आदि को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पंचायत सभागार, हरदा में आयोजित मीडिया कार्यशाला में कही।
अपर कलेक्टर हरदा श्री पुरूषोत्तम कुमार ने मीडिया से आग्रह किया कि वे भारत सरकार की योजना रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के अंतर्गत लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर की उपयोगिता को आम जनता तक पहुँचाएं और बिजली कम्पनी की सेवाओं और जन हितैषी योजनाओं को हितग्राहियों तक पहुँचाने में सहयोग करें। उन्होने आव्हान किया कि हरदा जिले में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिये बिजली कम्पनी कृत-संकल्पित है।
मीडिया वर्कशाप में प्रमुख रूप से अपर कलेक्टर हरदा श्री पुरूषोत्तम कुमार, महाप्रबंधक हरदा वृत्त श्री सुरेश कुमार, उप महाप्रबंधक हरदा उत्तर संभाग श्री संजय कुमार यादव, उप महाप्रबंधक हरदा दक्षिण संभाग श्री कमलकांत सिंह, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज द्विवेदी एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी हरदा श्री सुरेन्द्र तिवारी सहित सैंकड़ों मीडियाकर्मी उपस्थित थे। वहीं वर्कशॉप में आभार प्रदर्शन प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री प्रियेता दास द्वारा किया गया।
✅ परिसर में रीडिंग लेने आने की आवश्यकता नहीं
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप मुख्य महाप्रबंधक (स्मार्ट मीटरिंग सेल) श्री सी.के. पवार ने मीडिया से चर्चा करते हुये बताया कि शहर के लोगों में स्मार्ट मीटर को लेकर जो भ्रांतियां हैं, उन्हें दूर करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि विद्युत स्मार्ट मीटर लगने के बाद परिसर में रीडिंग लेने आने की जरूरत नहीं होती है, ऑटोमेटिक सटीक रीडिंग होती है। मानवीय हस्तक्षेप नहीं होने से गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं होती है। उपभोक्ता अपनी प्रतिदिन की विद्युत खपत स्मार्ट मीटर के माध्यम से देख सकता है। उन्होंने बताया कि दैनिक के साथ दृसाथ सप्ताहिक अथवा मासिक खपत आसानी से देखी जा सकती है, और बिजली की कितनी खपत हो रही है, अगले महीने उसका कितना बिल आ सकता है, उसका पूर्वानुमान भी आसानी से लगाया जा सकता है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप मुख्य महाप्रबन्धक श्री पवार ने बताया कि कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटरिंग पहल के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सोलर ऑवर में बिजली उपयोग करने पर विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। दिन के टैरिफ में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए यह सभी छूट अथवा प्रोत्साहन की गणना सरकारी सब्सिडी (यदि कोई हो) को छोड़कर की जा रही है। उन्होने बताया कि घरेलू, गैर घरेलू, सार्वजनिक जल कार्य, स्ट्रीट लाइट एवं निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की अवधि को सोलर ऑवर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उपभोग की गई ऊर्जा पर ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर में 20 प्रतिशत तक की छूट 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड/अनुबंध मांग वाले उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही है।
उप मुख्य महाप्रबन्धक श्री पवार ने आमजन एवं उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने परिसरों में स्मार्ट मीटर लगाने में सहयोग करें तथा स्मार्ट मीटर के उपयोग से होने वाले लाभों का अधिक से अधिक फायदा उठाएं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर से सटीक रीडिंग, पारदर्शी बिलिंग एवं ऊर्जा खपत की रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव हो रही है। उल्लेखनीय है कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को बिजली की खपत को ट्रैक करने, ऊर्जा बचत करने तथा मोबाइल एप के माध्यम से कहीं से भी अपनी खपत की जानकारी प्राप्त करने की सुविधा मिलती है। यह प्रणाली ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक सिद्ध हो रही है।
✅ संपर्क अभियान 2026 में हरदा को बड़ी सफलता
117 शिविरों में 16 हजार 563 उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर निराकरण
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी के महाप्रबन्धक हरदा श्री सुरेश कुमार ने मीडिया वर्कशाप को संबोधित करते हुए कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का उनके घर के नजदीक त्वरित समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित ‘संपर्क अभियान 2026’ के अंतर्गत हरदा जिले में 14 मई से अब तक 117 विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों में 16 हजार 563 उपभोक्ताओं की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। उन्होने बताया कि संपर्क अभियान के तहत आयोजित शिविरों में उपभोक्ताओं की बिलिंग, मीटर, नवीन कनेक्शन, भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन, बंद अथवा खराब मीटर बदलने, स्मार्ट मीटर सहित विभिन्न विद्युत संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। इस अवसर पर श्री सुरेश कुमार ने विद्युत कम्पनी की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की।
गौरतलब है कि हरदा जिले में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही त्वरित एवं सुगम सेवा उपलब्ध हो सके। कंपनी द्वारा उपभोक्ता सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाने की दिशा में संपर्क अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।
#सफलता_की_कहानी
✅ नवीन घरेलू बिजली कनेक्शन मिला, उपभोक्ता को मिली त्वरित सेवा (हरदा)
संपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में हरदा वृत्त के हरदा उत्तर संभाग अंतर्गत हरदा उत्तर वितरण केंद्र के ग्राम रिजगांव निवासी श्री विक्रम सिंह पिता शंकर लाल जाट ने नवीन घरेलू विद्युत कनेक्शन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर में अधिकारियों द्वारा आवेदक के दस्तावेजों की तत्काल जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई और उन्हें तुरंत नवीन घरेलू बिजली कनेक्शन जारी कर दिया गया। त्वरित सेवा मिलने से उपभोक्ता संतुष्ट हुए और संपर्क अभियान की सराहना की।
✅ नवीन घरेलू बिजली कनेक्शन मिला, उपभोक्ता को मिली त्वरित सेवा (हरदा)
संपर्क अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में हरदा वृत्त के हरदा उत्तर संभाग अंतर्गत हरदा उत्तर वितरण केंद्र के ग्राम नयापुरा निवासी श्री राहुल सेन/भगतराम सेन ने नवीन घरेलू विद्युत कनेक्शन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। अधिकारियों द्वारा शिविर में ही दस्तावेजों की तत्काल जांच कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई और कुछ ही समय में उपभोक्ता को नया घरेलू बिजली कनेक्शन प्रदान कर दिया गया। त्वरित सेवा मिलने से उपभोक्ता संतुष्ट हुए और संपर्क अभियान की सराहना की।
मीडिया वर्कशाप में मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी श्री दीपक ससतिया ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मीडिया को उपलब्ध कराई। इस अवसर पर हरदा जिले में आरडीएसएस एवं एसएसटीडी योजना के अंतर्गत किये गये काम और वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित निर्माण कार्यों की जानकारी भी प्रदान की गई।
Madhya Pradesh Madhya Kshetra Vidyut Vitaran Co. Ltd - MPEB Jansampark Madhya Pradesh
Department of Energy Madhya Pradesh
#SmartMeter #Electricity
#MPMKVVCL #PMSuryaGhar
#Harda #हरदा
Harda, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026