एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रस्फुटन समिति हीरानगर ने किया पौधारोपण
--
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद टीकमगढ़ की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति हीरानगर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल हीरानगर के परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. सुनील कटियार, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष श्री सुनील साहू, सचिव श्री परमानंद कुशवाहा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए तथा पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में स्थित बरगद के पुराने वृक्ष की कुछ जड़ें मिट्टी से बाहर निकल आई थीं। वृक्ष की जड़ों को सुरक्षित रखने एवं उनके संरक्षण के उद्देश्य से छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक जड़ों के आसपास मिट्टी डालकर पुराने वृक्षों की देखभाल का संदेश दिया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. सुनील कटियार ने विद्यार्थियों को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान एवं स्मृति में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी जिम्मेदारीपूर्वक देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों को पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना तथा पुराने वृक्षों की नियमित देखभाल करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया। उपस्थित सभी लोगों ने हरियाली बढ़ाने, वृक्षों के संरक्षण एवं पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh